अल्मोड़ा: आंगन में खेल रही बच्ची को तेंदुए ने बनाया शिकार 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। गुरुवार की देर शाम तेंदुए ने बेरीनाग (पिथौरागढ़) तहसील के एक गांव में घर के आंगन में खेल रही 4 साल की बच्ची पर हमला बोल दिया। इसके बाद तेंदुआ बच्ची को उठाकर जंगल की ओर ले गया। परिजनों ने शोर मचाया लेकिन तब तक तेंदुआ बच्ची को लेकर अपना शिकार बना चुका था। 

मामला बेरीनाग तहसील मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर चचरेत ग्राम पंचायत के कलेत गांव का है। गांव निवासी शंकर दत्त व हेमा देवी की चार वर्षीय बेटी राखी अपने घर के आंगन में खेल रही थी। तभी घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसे जंगल की ओर ले गया।

घटना के बाद आनन-फानन में परिजनों ने जानकारी वन विभाग को दी। जिसके बाद एसडीओ ज्वाला प्रसाद, वन क्षेत्राधिकारी चंदा महरा, एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार मौके पर पहुंचे। ग्रामीण, वन विभाग और पुलिस  ने बच्ची की खोजबीन की।

बारिश और घना जंगल होने के कारण बच्ची को ढूंढने में परेशानियां आई। घटना के तीन घंटे बाद मासूम का क्षत-विक्षत शव मिला। जिसके बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्ची के पिता शंकर दत्त मेहनत मजदूरी कर जैसे तैसे अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। ग्राम प्रधान महेन्द्र महरा और क्षेत्र पंचायत सदस्य यामनी भट्ट ने शीघ्र गुलदार को मारने की मांग की है। पिछले साल भी चचरेत गांव में गुलदार एक बच्ची को निवाला बना चुका है। 

संबंधित समाचार