बरेली: कांवड़ यात्रा की अनुमति न मिलने पर भाजपा नेताओं ने जताई हताशा, मौर्य ने मुख्यमंत्री से की फोन पर बात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डिप्टी सीएम ने लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिलकर भी बात करने का दिया आश्वासन

बरेली, अमृत विचार। भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की पैरवी के बावजूद प्रशासन की ओर से जोगीनवादा से कांवड़ यात्रा निकालने की अनुमति न दिए जाने का मामला शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के सामने उठा। भाजपा पदाधिकारियों उप मुख्यमंत्री से यहां तक कहा कि अपनी ही सरकार में अनुमति न दिला पाने की वजह से वे जोगीनवादा इलाके के अपने कार्यकर्ताओं से नजरें नहीं मिला पा रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री ने इसके बाद पदाधिकारियों के सामने ही फोन पर मुख्यमंत्री से बात की। इसके बाद पदाधिकारियों से कहा कि इस मुद्दे पर वह लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिलकर भी बात करेंगे। जो सही रास्ता होगा, उस पर काम किया जाएगा।

जोगीनवादा में कांवड़ यात्रा के दौरान दो बार सांप्रदायिक टकराव की नौबत आ चुकी है। पहले 23 जुलाई को शाह नूरी मस्जिद के सामने से गुजरते हुए विवाद के बाद जमकर पथराव हुआ था, उसके बाद 30 जुलाई को फिर कांवड़ यात्रा पर तनातनी के बीच कांवड़ियों के जत्थों के बीच अराजक तत्वों के फायरिंग करने के बाद पुलिस ने कांवड़ियों को लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया था।

इसके बाद गैर परंपरागत रास्ता बताते हुए कांवड़ यात्रा पर रोक लगा दी गई। कांवड़ यात्रा समिति इसके बाद दो बार आवेदन कर चुकी है लेकिन मुख्यमंत्री के नए रास्ते पर कांवड़ यात्रा न निकलने देने के आदेश का हवाला देते हुए प्रशासन दोनों बार अनुमति देने से इन्कार कर चुका है। भाजपा संगठन के कई पदाधिकारियों के खुलकर पैरवी करने के बावजूद जोगीनवादा में कांवड़ यात्रा का रास्ता साफ नहीं हो सका है। इससे भाजपा के पदाधिकारी बेहद परेशान हैं।

सर्किट हाउस में शुक्रवार को भाजपा पदाधिकारियों ने उप मुख्यमंत्री के सामने यह मुद्दा उठाया। काफी देर इस पर चली बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि प्रशासन ने अब तक दोनों पक्षों को साथ बैठाकर बात नहीं की है। प्रशासन को बीच का रास्ता निकलवाना चाहिए। अनुमति न मिलने से भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट रहा है।

जोगी नवादा के कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे अपनी ही सरकार में असहाय महसूस कर रहे हैं। भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा ने डिप्टी सीएम से कहा कि कांवड़ यात्रा न निकलने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। उन्होंने डिप्टी सीएम से आग्रह किया कि वह अपने स्तर से इस मामले का हल निकलवाएं।

उप मुख्यमंत्री ने इसके बाद बैठक में ही मुख्यमंत्री को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि वह इस मामले में लखनऊ में भी मुख्यमंत्री से मिलकर बात करेंगे। जो सही रास्ता होगा, उस पर आगे काम कराया जाएगा। इस दौरान वनमंत्री डॉ. अरुण कुमार, पूर्व मंत्री बहोरन लाल कई पदाधिकारी मौजूद थे।

इससे पहले डॉ. केएम अरोड़ा के नेतृत्व में प्रदीप अग्रवाल, देवेंद्र जोशी, विष्णु शर्मा, बंटी ठाकुर, डॉ. तृप्ति गुप्ता, प्रभुदयाल लोधी ने डिप्टी सीएम का स्वागत किया। जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, मेयर उमेश गौतम, विधायक राघवेंद्र शर्मा, एमएलसी महाराज सिंह, जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, सोमपाल शर्मा, मेघनाथ कठेरिया, डॉ. निर्भय गुर्जर, अजय सक्सेना, जिला मीडिया प्रभारी अंकित महेश्वरी आदि ने भी डिप्टी सीएम से मुलाकात की।

पुलिस ने भाजपा नेताओं को रोका तो हुई झड़प
डिप्टी सीएम के लिए पुलिस लाइन में हैलिपैड बनाया गया था। डिप्टी सीएम के हैलीकॉप्टर से उतरने पर कई भाजपा नेता उनसे मिलने आगे बढ़े तो पुलिस ने रस्सी खींचकर उन्हें रोक लिया। इस पर नेताओं का पारा चढ़ गया और वे पुलिस कर्मियों पर नाराजगी जताते हुए खरीखोटी सुनाने लगे। भाजपा नेताओं के विरोध के बाद रस्सी हटा ली गई।

यह भी पढ़ें- बरेली: बकाया दिखाकर काटा बिजली कनेक्शन...व्यापारी से रुपए की डिमांड, संविदा कर्मी बर्खास्त

संबंधित समाचार