अयोध्या : रेस्टोरेंट पर फायरिंग और हमले में दो नामजद, संचालक को पीटकर किया था घायल
अयोध्या,अमृत विचार। अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के देवकाली बाईपास स्थित एक रेस्टोरेंट के मालिक की पिटाई और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज की है।
पीड़ित रेस्टोरेंट संचालक जौनपुर शाहगंज के अर्गुपुर कला निवासी जगदंबा प्रसाद दुबे का कहना है कि वह देवकाली बाईपास पर किराए पर कमरा लेकर एक रेस्टोरेंट का संचालन करते हैं। 16 अगस्त की रात 10:30 बजे रेस्टोरेंट पहुंचे महाराजगंज थाना क्षेत्र के देवगढ़ निवासी विनीत सिंह उर्फ बिन्नी सिंह, पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के फिरोजपुर निवासी राजेश सिंह तथा उनके सहयोगी ने अल्युमिनियम पाइप से हमला बोल दिया। जान से मारने के लिए असलहा निकालकर फायरिंग की, लेकिन वह तख्त के नीचे घुस गए, इसलिए जान बच गई। हमले में उनकी नाक फट गई, जिससे काफी खून निकला है तथा शरीर में कई जगह चोटें आई। जाते समय हमलावर प्रबंधक विशाल सिंह को धमकी देकर गए हैं कि रेस्टोरेंट बंद कर भाग जाओ नहीं तो ठीक नहीं होगा।
उनका कहना है कि प्रबंधक व कर्मियों की ओर से उपचार के लिए दर्शन नगर मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराए जाने के बाद सेहत में सुधार होने पर शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने रेस्टोरेंट में घुसकर जानलेवा हमला आदि की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें -अलीगढ़ : 21 अगस्त को मनेगा हिन्दू गौरव दिवस, सीएम योगी रहेंगे मौजूद
