Chitrakoot News: ओवरटेक के चक्कर में स्कूली वैन पलटी, कई बच्चे चुटहिल, वाहन चालक फरार, RTO विभाग पर उठे सवाल
चित्रकूट में ओवरटेक के चक्कर में स्कूली वैन पलटी।
चित्रकूट में ओवरटेक के चक्कर में स्कूली वैन पलट गई। हादसे में कई बच्चे चुटहिल हो गए। हादसे के बाद खिड़की से वाहन चालक भाग निकला।
चित्रकूट, अमृत विचार। एक निजी संस्था के स्कूल की वैन पलटने से कई बच्चे चुटहिल हो गए। आननफानन में इनको निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के बाद चालक भाग निकला। उधर, संस्था के जिम्मेदारों का कहना था कि अचानक टायर फटने की वजह से यह हादसा हुआ है। एआरटीओ विवेक शुक्ला का कहना है कि पता लगाया जा रहा है और अगर लापरवाही पाई गई तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
गौरतलब है कि जिले में वैन और अन्य छोटे वाहनों में मानकविहीन तरीके से बच्चों को लाने के लिए कई स्कूलों पर आएदिन उंगली उठती रही है। इस संबंध में एआरटीओ विभाग की जिम्मेदारी पर भी सवालिया निशान लगते हैं। चालकों पर भी नशे में धुत होकर वाहन चलाने की बात अक्सर कही जाती है और इससे बच्चों की जिंदगी खतरे में रहती है।
शनिवार को ऐसी ही एक वैन खोह की ओर से कर्वी आ रही थी। इस पर नगर शिक्षा समिति लिखा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस पर छह से ज्यादा बच्चे सवार थे। हाईवे पर कालूपुर पाही के निकट सुखनंदनपुर मोड़ के पास चालक ने वाहन को आगे जा रहे एक अन्य वाहन से ओवरटेक करने के लिए तेज गति से चलाया और इससे नियंत्रण खो बैठा। इससे वैन सड़क किनारे गड्ढ़े में जाकर पलट गई।
बताया जाता है कि दूसरा वाहन भी इसी स्कूल का था और दुर्घटना के बाद उसके चालक और परिचालक ने आसपास के लोगों की मदद से बच्चों को निकाला। सूचना मिलते ही वहां कोतवाली प्रभारी गुलाब त्रिपाठी और अन्य पुलिसकर्मी भी पहुंच गए। बदहवास अभिभावक भी मौके पर पहुंचे। भगवान का शुक्र रहा कि बच्चों को ज्यादा चोट नहीं आईं।
इनका निकट के निजी अस्पताल में प्राथमिक इलाज कराया गया। उधर, चालक हादसा होते ही खिड़की से कूदकर भाग निकला। इस संबंध में एआरटीओ विवेक शुक्ला ने बताया कि हालांकि वैनों को स्कूल वाहन के रूप में प्रयोग करने की अनुमति तो है पर इनमें मानकों का ख्याल जरूरी है। उन्होंने दुर्घटना की जानकारी से तो इंकार किया पर कहा कि अगर लापरवाही हुई है और चालक हादसे के बाद निकला है तो मामले की जांच कराकर एफआईआर कराई जाएगी। उधर, विद्यालय की संस्था के लोगों का कहना था कि हादसे की वजह अचानक टायर का फटना है।
प्रबंधक और चालक पर होगी रिपोर्ट
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि नगर शिक्षा समिति की यह वैन है। एआरटीओ को इस संबंध में बताया गया है। बताया कि एआरटीओ ने यह जानकारी दी है कि इसकी फिटनेस दो महीने पहले खत्म हो गई थी और इस संबंध में प्रबंधक को सूचना देकर कह दिया गया था कि इसे न चलाया जाए। इसके बाद भी मनमाने तरीके से इसे चलायागया। बताया कि एआरटीओ ने कहा है कि वह प्रबंधक और चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि वैन में 12 से 15 बच्चे सवार थे। एक बच्चे को ज्यादा चोट आई है।
