हल्द्वानी: महिला पुलिस कर्मियों ने किया कैटवॉक, अर्चना के सिर तीज क्वीन का ताज
कोतवाली परिसर में आयोजित किए गए हरियाली तीज महोत्सव में महिला पुलिस कर्मियों ने बिखेरा जलवा
चार प्रतियोगिताएं पास कर क्वीन बनीं अर्चना अधिकारी उपवा के बैनर तले आयोजित किया गया तीज महोत्सव
हल्द्वानी, अमृत विचार। हरियाली तीज महोत्सव में महिला पुलिस कर्मियों और पुलिस परिवार की महिलाओं ने जमकर धमाल मचाया। फिल्मी और कुमाउनी गीतों पर महिलाएं थिरकीं तो कैटवॉक कर लोगों को दिल जीत लिया। आयोजित हुईं कुल चार प्रतियोगिताओं में सबसे अव्वल प्रदर्शन कर अर्चना अधिकारी के सिर तीज क्वीन का ताज सजा।
उपवा की ओर से हल्द्वानी कोतवाली परिसर में हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में उपवा की अध्यक्ष डॉ.अलकनंदा अशोक मुख्य अतिथि रहीं। तीज क्वीन बनने के लिए महिलाओं को ड्रेसिंग, प्रश्नोत्तरी, रैंप वॉक और प्रतिभा प्रतियोगिता से होकर गुजरना पड़ा। महिलाओं ने जहां फिल्मी और कुमाउंनी गीतों पर जमकर तालियां बटोरीं, वहीं रैंप पर कैटवॉक कर महिला पुलिस कर्मियों ने सबको हतप्रभ कर दिया।
सभी प्रतियोगिताओं में लोगों का दिल जीत कर आईजी के चालक की पत्नी अर्चना अधिकारी तीज क्वीन के ताज की हकदार बनीं। जबकि महिला हेड कांस्टेबल गीता कोठारी ने दूसरी और महिला कांस्टेबल प्रियंका जोशी ने तीसरा स्थान हासिल किया। जबकि भावना पांडेय और महिला कांस्टेबल गीता रावत को बेहतर प्रदर्शन पर सांत्वना पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान पुलिस परिवार के बच्चों ने भी जमकर धमाल मचाया।
उपवा की अध्यक्ष व डीजीपी की धर्मपत्नी डॉ. अलकनन्दा अशोक और जिलाध्यक्ष व एसएसपी पंकज भट्ट की धर्मपत्नी हेमा बिष्ट ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। मुख्य अतिथि और जिलाध्यक्ष के साथ सभी अथितियों, महिलाओं और बच्चों ने सावन के झूले झूले।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सीओ नैनीताल विभा दीक्षित व संचालन निरीक्षक ललिता पांडेय, एसआई कुमकुम धानिक ने किया। कार्यक्रम में अभियोजन अधिकारी दीपा रानी, सहायक अभियोजन अधिकारी अनुरिता, सुनीता, उर्मिला पींचा, सीओ लालकुआं संगीता, गुरमीत, विनीता चन्द्रा, निशा धोनी, अनीता भाकुनी आदि थीं।
