बरेली: कचरामुक्त होंगे 47 गांव, कूड़े का निस्तारण शुरू
बरेली, अमृत विचार। ग्राम पंचायतों को कचरामुक्त बनाने की मुहिम के तहत जिले के 57 गांवों में एकीकृत ठोस प्रबंधन केंद्र यानी आरआरसी सेंटर तैयार हो गए हैं। इनमें से 47 सेंटरों में कूड़ा निस्तारण शुरू होने का भी दावा किया जा रहा है। कुछ ही दिन पहले बनकर तैयार हुए 10 केंद्रों को भी जल्द शुरू करने की तैयारी है।
पंचायती राज विभाग के अधिकारियों के मुताबिक स्वच्छ भारत मिशन के फेज- 2 में जिले की 1193 ग्राम पंचायतों में से 57 गांवों का चयन किया गया था। इन गांवों में आरआरसी सेंटर के निर्माण और दूसरे कार्यों के लिए करोड़ों का बजट दिया गया है। आबादी के हिसाब से एक गांव में पांच से सात लाख रुपये आरआरसी सेंटर के निर्माण पर खर्च हुए हैं। अब 47 सेंटरों में तरल और ठोस कचरे का निस्तारण शुरू हो गया है। गांवों में लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है कि वे इधर-उधर कचरा फेंकने की बजाय डस्टबिन का प्रयोग करें ताकि उसे आसानी से आरआरसी सेंटर पहुंचाया जा सके।
हर घर से इकट्ठा किया जा रहा है कूड़ा
ग्राम पंचायतों में बनाए गए आरआरसी सेंटरों में व्यवस्थित तरीके से कूड़ा निस्तारण के साथ घर-घर ई-रिक्शा भेजकर कूड़ा-कचरा लाकर इकट्ठा करके सेंटर पर लाने की योजना बनी है। ग्राम पंचायतों में कूड़ा उठाने के लिए 20 से 50 रुपये तक का शुल्क निर्धारित किया गया है। गांव से निकलने वाले गंदे पानी को साफ बनाने के लिए नालियों में सिल्ट कैचर और फिल्टर चैंबर बनाकर तालाबों तक पहुंचाने की योजना है। इस पर काम चल रहा है।
जिले के 47 गांवों में आरआरसी सेंटर शुरू कर दिए हैं। 10 गांवों में स्वच्छ भारत मिशन के बजट से बनकर तैयार नए सेंटरों को भी जल्द शुरू कर कूड़ा निस्तारण किया जाएगा। -धर्मेंद्र कुमार, डीपीआरओ
ये भी पढे़ं- बरेली: श्री रामचंद्र स्मारक आईटीआई का परीक्षा परिणाम घोषित, प्रशिक्षणार्थी अच्छे अंकों के साथ हुए पास
