Kanpur Police Commissioner: रामकृष्ण स्वर्णकार बने नए पुलिस कमिश्नर, बोले- महिला सुरक्षा, व क्राइम रोकना प्राथमिकता
कानपुर के नए पुलिस कमिश्नर बने रामकृष्ण स्वर्णकार।
कानपुर के नए पुलिस कमिश्नर रामकृष्ण स्वर्णकार बने। चार्ज लेने के दौरान उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा, ट्रैफिक सुधार व क्राइम रोकना प्राथमिकता है।
कानपुर, अमृत विचार। पुलिस ही जनता के बीच सरकार और शासन का चेहरा होती है। पुलिस कर्मियों का नागरिकों के साथ व्यवहार बेहद महत्वपूर्ण होता है। क्योंकि अच्छा व्यवहार ही अच्छे इंसान की पहचान होती है। कुशल एवं बेहतर व्यवहार से पुलिस की छवि को और निखारा जा सकता है।
यह बात रविवार शाम नवांगतुक पुलिस कमिश्नर रामकृष्ण स्वर्णकार ने पदभार संभालने के बाद कानून व्यवस्था को लेकर अपनी नीतियां स्पष्ट कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि शासन ने जिस मंशा के साथ कानपुर कमिश्नरेट की जिम्मेदारी सौंपी है उसके अनुरूप कार्य किया जाएगा। नए पुलिस कमिश्नर शाम पांच बजे कानपुर पहुंचे। उन्हें पुलिस कमिश्नर ऑफिस के बाहर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पूर्व पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड भी वहां मौजूद रहे।
पुलिस कमिश्नर रामकृष्ण स्वर्णकार ने कहा महिला सुरक्षा, जनसुनवाई और अपराधियों पर नकेल कसना कमिश्नरेट पुलिस की प्राथमिकता में रहेगा। घटना छोटी हो या बड़ी पुलिस के लिए वह महत्वपूर्ण है, किसी भी घटना पर लापरवाही व अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर छोटी से छोटी घटना पर कार्रवाई होगी ताकी अपराधियों की मंशा का शुरुआती दौर में ही दमन किया जा सके। इससे अपराध की पौध न बढ़ सके। शनिवार दोपहर आईपीएस रामकृष्ण स्वर्णकार को कानपुर का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया था।
रविवार देर शाम उन्होंने कार्यभार ग्रहण कर लिया। वह अभी तक लखनऊ में पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नती बोर्ड में एडीजी के पद पर तैनात थे। नवागत पुलिस कमिश्नर ने पत्रकारों से कहा कि वर्तमान समय पर्व व धार्मिक आयोजनों का हैं। इन सभी आयोजनों को सकुशल, सद्भाव शांतिपूर्वक संपन्न कराना भी प्राथमिकता में रहेगा। इसके साथ ही अपराध व अपराधियों पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शासन की अपराध व अपराधियों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति कमिश्नरेट पुलिस की नीति होगी। जनभावना और जनआवश्यकता के अनुरूप शासन की नीति के साथ पुलिसिंग होगी। जनता को अधिक से अधिक मदद, जनसहयोग देना भी लक्ष्य होगा। माहौल बिगाड़ने वाले और अव्यवस्था फैलाने वाले असमाजिक तत्वों के प्रति कमिश्नरेट पुलिस जितना कठोर रहेगी उतना ही समाज के अच्छे लोगों के साथ खड़ी रहेगी।
कमिश्नरेट की स्थापना कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के जिस उद्देश्य के लिये हुई है उसको पूरा करने का प्रयास रहेगा। यातायात की व्यवस्था को बिल्कुल दुरुस्त करना है, इसका सीधा प्रभाव आम जनमानस पर पड़ता है। शहर की छवि बनाने और बिगाड़ने में यातायात की महती भूमिका रहती है। कमिश्नरेट कानपुर पुलिस पहले भी अच्छे ढंग से काम करती रही है। जहां भी सुधार की गुंजाइश होगी उसे किया जाएगा।
जयपुर के रहने वाले पुलिस कमिश्नर
मूलरूप से जयपुर, राजस्थान के रहने वाले रामकृष्ण स्वर्णकार 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इन्होने इतिहास में एमए और इसी विषय से पीएचडी की डिग्री भी हासिल की है। रविवार देर शाम पदभार ग्रहण करने आए नवागत पुलिस कमिश्नर का चारों जोन के डीसीपी व अन्य अधिकारियों ने स्वागत किया। पुलिस कमिश्नर ने सभी के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
यहां रह चुके हैं तैनात
पुलिस कमिश्नर राम कृष्ण स्वर्णकार मुरादाबाद, गाजियाबाद, नैनीताल, सीतापुर, लखनऊ, अलीगढ़ में एएसपी, अलीगढ़, गाजियाबाद व आगरा पीएसी में कमांडेट, चित्रकूट, मैनपुरी, सीबीसीआईडी, इंटेलीजेंस मेरठ, बागपत, रेलवे गोरखपुर व आगरा, कौशांबी, डीजीपी हेडक्वाटर, कुशीनगर, ललितपुर, सीबीसीआईडी, हाथरस, विजिलेंस लखनऊ, रविदास नगर, कानपुर देहात, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, ईओडब्लू लखनऊ, जौनपुर में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात रह चुके हैं। जौनपुर, आगरा, पीएचक्यू, पीएसी हेडक्वार्टर, बस्ती, सीबीसीआईडी, आजमगढ़ में डीआईजी रहे। आजमगढ़, रूल्स एंड मैनुअल लखनऊ में आईजी के पद पर तैनात रहे। सीबीसीआईडी और पुलिस भर्ती व प्रोन्नती बोर्ड में एडीजी के पद पर तैनात रह चुके हैं।
उत्कृष्ट सेवा के लिए किया जा चुका सम्मानित
अपनी उत्कृष्ट सेवा के लिए डॉ. आरके स्वर्णकार को वर्ष 2014 में राष्ट्रपति सम्मान, वर्ष 2021 में महानिदेशक की सराहना डिस्क सिल्वर व वर्ष 2023 में डीजी प्रशस्ति डिस्क गोल्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
यातायात सुधारने की हर गुंजाइश पूरी होगी
उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था को बिल्कुल दुरुस्त करना है। इसका सीधा प्रभाव आम जनमानस पर पड़ता है। शहर की छवि बनाने और बिगाड़ने में यातायात की महती भूमिका रहती है। कमिश्नरेट कानपुर नगर पुलिस पहले भी अच्छे ढंग से काम करती रही है, जहां भी सुधार की गुंजाइश होगी उसे किया जाएगा।
देश भर में प्राप्त कर चुके विभिन्न प्रशिक्षण
अपराध विज्ञान पर पाठ्यक्रम- एनआईसीएफएस, नई दिल्ली, आंतरिक सुरक्षा पाठ्यक्रम- आईएसए, माउंट आबू, राजस्थान, वैज्ञानिक जांच पाठ्यक्रम-एनआईसीएफएस, नई दिल्ली, अपराध विज्ञान पर पाठ्यक्रम-एमएचए एलएनजेएन एनआईएचएफएस, दिल्ली, वैज्ञानिक क्षेत्र में नवीनतम प्रौद्योगिकियों पर 14वां पाठ्यक्रम- एमएचए एलएनजेएनएन आईसीआईएस, दिल्ली, वित्तीय जांच-राज्य नारकोटिक सेल, सीआईडी, लखनऊ, एसपी की क्षेत्रीय कार्यशाला। पुलिस मुख्यालय जम्मू-कश्मीर श्रीनगर, आर्थिक अपराध-एसवीपी एनएपी, हैदराबाद, एटीए 5345 कार्यकारी पाठ्यक्रम, साइबर आतंकवाद-एनआईएसएफ सीआईएसएफ हकीम पीर हैदराबाद, साइबर अपराध-विज्ञान भवन, नई दिल्ली, सार्वजनिक नीति और नेतृत्व राज कॉम्प्लेक्स, मथुरा रोड, नई दिल्ली, फोरेंसिक जांच में प्रगति और नवीनतम तकनीकें एलएनजेएन एनआईसीएफएस नई दिल्ली आदि प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं।
