Farrukhabad News : तीन युवक गंगा में डूबे, एक का शव बरामद, दो की तलाश जारी, कन्नौज से पांचाल घाट जल भरने आए थे
फर्रुखाबाद में तीन युवक गंगा में डूबे।
फर्रुखाबाद के पांचाल घाट से जल भरने आए कन्नौज के तीन युवक गंगा में डूब गए। गोताखोरों ने एक के शव को बरामद कर लिया। जबकि दो की तलाश जा रही है।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। कादरी गेट कोतवाली क्षेत्र के पांचाल घाट पर सावन के सातवें सोमवार को भोले भंडारी का जलाभिषेक करने के लिए जल भरने आए तीन युवक गंगा में डूब गए। गोताखोरों ने एक के शव को बरामद कर लिया। जबकि दो अन्य का कुछ पता नहीं चल सका है। गोताखोर लगातार दोनों युवक की तलाश कर रहे है। तीनों युवक कन्नौज के छिबरामऊ के रहने वाले बताए जा रहे है।
जिला कन्नौज के छिबरामऊ निवासी तीन युवक जल भरने आये थे। वह गंगा स्नान कर रहे थे। तीनो गहरे पानी मे जाने की वजह से डूब गए। सोमवार सुबह दुर्वासा ऋषि आश्रम की तरफ एक पल्सर बाइक तीन युवकों के कपड़े व फोन पड़े मिले। एक युवक बीच गंगा की धार में छटपटाता दिखा। आसपास के लोगों ने गोता खोरों को बुलाकर उसको बाहर निकाला। जानकारी पर पांचाल घाट चौकी पुलिस भी आ गई।
पुलिस ने युवक को लोहिया अस्पताल भेज दिया। डाक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त कन्नौज के छिबरामऊ निवासी आशू मिश्रा के रुप मे की गई है। उसके दो अन्य साथियों की पहचान नहीं हो सकी है। तीनों मित्र भोले बाबा का जलाभिषेक करने के लिए पांचाल घाट से जल भरने आये थे।
