सुल्तानपुर: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक युवक की मौत, तीन घायल
जयसिंहपुर, सुलतानपुर, अमृत विचार। सोमवार की दोपहर दो बाइक सवारों की आमने सामने की भिड़ंत हो गई। जिसमे चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल भेजा गया जहां मौजूद चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित करते हुए गंभीर रूप से घायल तीन युवकों को रेफर कर दिया।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बाहरपुर बधवा गांव निवासी जितेंद्र निषाद अपने साथी विकास निषाद के साथ बाइक से विकास के मौसी के घर दानूपट्टी जा रहे थे। जैसे ही वह हलियापुर बेलवाई मार्गपर बिरसिंहपुर सराय नौरंग के पास पहुंचे तभी सामने से आ रहे बाइक सवार अंबेडकर नगर जनपद के मंशापुर निवासी पिंटू (सचिन), उसकी मौसी के लड़के दोस्तपुर थाना क्षेत्र के कनकपुर निवासी अनिल कुमार की आमने सामने से भिड़ंत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों की बिरसिंहपुर अस्पताल ले गए। जहां मौजूद चिकित्सकों ने जितेंद्र कुमार को मृत घोषित करते हुए गंभीर रूप से घायल विकास, पिंटू व अनिल को मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर रेफर कर दिया। बिरसिंहपुर चौकी इंचार्ज राम राज यादव ने बताया कि मृतक युवक का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तीनों घायलों को रेफर कर दिया गया है। क्षतिग्रस्त बाइको को कब्जे में ले लिया गया है।
चिकित्सको का अमानवीय चेहरा आया नजर
28 करोड़ की लागत से बने सौ शैय्या के संयुक्त अस्पताल बिरसिंहपुर में तैनात डॉक्टरों का सोमवार को अमानवीय चेहरा नजर आया। अस्पताल के निकट सराय नौरंग गांव के पास दोपहर में सड़क दुर्घटना में घायल 4 लोगों की एम्बुलेंस से बिरसिंहपुर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां पर आधुनिक संसाधन होने के बावजूद घायलों को तीमारदारों के बैठने के लिए लगी बेंचो पर लिटा कर इलाज किया गया।
वहीं पर डिप भी लगाई गई। जबकि इस अस्पताल में संसाधनों और कर्मचारियों की कोई कमी नहीं थी। डॉक्टरों व कर्मचारियों के इस अमानवीय चेहरे पर लोगों में आक्रोश भी है। दुर्घटना में मृतक जितेंद्र के परिजनों का भी आरोप है कि यदि समय रहते डॉक्टरों ने ठीक से इलाज किया होता तो शायद वह बच जाता।
ये भी पढ़ें:- लखनऊ: प्राइवेट वाहनों के व्यावसायिक उपयोग पर कैब मालिकों-चालकों ने किया प्रदर्शन, परिवहन विभाग को दी चेतावनी
