लखीमपुर-खीरी: मंदिर हटाए जाने पर भड़के ग्रामीण, डीएम कार्यालय पर दिया धरना 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संकंटा देवी चौकी पुलिस और लेखपाल पर लगाए गंभीर आरोप 

फोटो- डीएम कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करते ग्रामीणों से बातचीत करते तहसीलदार सदर सुशील प्रताप सिंह

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम उदयपुर महेवा में मंदिर हटाए जाने पर ग्रामीण भड़क उठे। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण कलक्ट्रेट स्थित डीएम कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना था कि लेखपाल और संकटा देवी चौकी पुलिस ने बिना किसी आदेश के मंदिर हटाया है। मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। नाराज ग्रामीणों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा है। 

डीएम कार्यालय पहुंचे ग्राम उदयपुर महेवा के ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव में शंकर भगवान का कदमेश्वर नाथ मंदिर लगभग 75 वर्ष पुराना बना हुआ था। मंदिर शशिकांत के मकान के पास स्थित था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सोमवार को सुबह लगभग 11:00 बजे क्षेत्रीय लेखपाल व संकटा देवी पुलिस ने प्रवीन भार्गव पुत्र जगन्नाथ भार्गव, रवि चौधरी पुत्र डॉ राम प्रसाद, करन प्रॉपर्टी डीलर, ग्राम प्रधान व अन्य 15-20 लोगों की मिलीभगत से उक्त मंदिर को तोड़फोड़ कर नष्ट कर दिया, जिससे उन लोगों की धार्मिक भावनाओं पर ठेस पहुंची है। 

ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर तोड़ने हेतु शासन प्रशासन से कोई आदेश नहीं दिया गया था। इससे नाराज बड़ी संख्या में ग्रामीण शाम करीब चार बजे डीएम कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। सूचना पर मौके पर पहुंचे तहसीलदार सदर सुशील प्रताप सिंह ने ग्रामीणों की बात सुनी। महिलाओं ने तहसीलदार को बताया कि आज वहां भंडारे की तैयारी चल रही थी। इसी बीच पुलिस व लेखपाल ने पहुंचकर उन्हें वहां से लगा दिया और मंदिर नष्ट कर दिया। उसके बाद तहसीलदार ने उन्हें समझा कर डीएम को संबोधित ज्ञापन लिया। 

मौके से ही लेखपाल से फोन पर बात कर दिशा निर्देश दिए। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। तहसीलदार ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रदर्शन करने वालों में हिंदू युवा वाहिनी के आकाश शुक्ला, संजय कुमार, विकास शुक्ला, अनूप शुक्ला, योगेश तिवारी, प्रमोद सिंह, राजू शुक्ला, प्रमोद शर्मा, अमरिका गुप्ता, शालू वर्मा, विमलेश पांडे, अंकित गुप्ता, पूनम देवी, रोशनी देवी, कुसुमा देवी, लक्ष्मी देवी, शीला देवी व मधु देवी सहित अन्य सैकड़ों लोग शामिल रहे।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: एपीओ मनरेगा के घर को चोरों ने बनाया निशाना, नगदी समेत छह लाख की चोरी

संबंधित समाचार