लखीमपुर-खीरी: एपीओ मनरेगा के घर को चोरों ने बनाया निशाना, नगदी समेत छह लाख की चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मकान पर ताला डालकर मितौली ड्यूटी करने गए थे एपीओ

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। शहर में चोरियों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बेखौफ चोरों ने मोहल्ला शिव कॉलोनी में बंद पड़े एपीओ मनरेगा के आवास को निशाना बना लिया। चोर ताला तोड़कर मकान मालिक और एपीओ के कमरे में रखी नगदी समेत करीब छह लाख रुपये का सामान बटोर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया है। एपीओ ने पुलिस को तहरीर दी है। 

शहर के मोहल्ला शिव कॉलोनी में बीएन चंदन का घर है। उनके घर में एपीओ मनरेगा राजकुमार सिंह किराए पर रहते हैं। एपीओ मितौली में तैनात हैं। शनिवार को एपीओ राजकुमार सिंह घर में ताला लगाकर ड्यूटी करने मितौली गए थे, जबकि उनके मकान मालिक दिल्ली चले गए। ड्यूटी करने के बाद वह लखनऊ चले गए। सोमवार को लखनऊ से वह सीधे  मितौली पहुंचे और अपने ऑफिस का काम निपटाने लगे। शाम को उनके परिचित ने फोन कर चोरी होने की जानकारी दी। 

सूचना पाकर वह घर आ गए तो देखा दरवाजे खुले पड़े थे। कमरों में रखा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी आदि के लॉक टूटे थे। आशंका जताई जा रही है कि चोर छत के रास्ते अंदर घुसे हैं। एजीओ राजकुमार सिंह ने बताया कि चोर मकान मालिक के करीब दस हजार रुपए नगद और करीब पांच लाख के जेवर उठा ले गए हैं। चोरों ने राजकुमार सिंह का भी लाकर खोल लिया। करीब 35 हजार की नगदी, लैपटॉप व कपड़े उठा ले गए। राजकुमार ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और छानबीन शुरू कर दी। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: सिपाही की बाइक में टक्कर मारकर ट्रैक्टर समेत भाग निकला चालक, मचा हड़कंप

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज