हल्द्वानी: नाबालिग साली से दुष्कर्म के आरोप से जीजा बरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

विशेष न्यायाधीश पॉक्सो ने दुष्कर्म के आरोपी को किया दोषमुक्त

न्यायालय में बोली पीड़िता, पुलिस के दबाव में दिए थे 164 के बयान

हल्द्वानी, अमृत विचार। नाबालिग साली से दुष्कर्म के आरोप में फंसे जीजा का न्यायालय ने बरी कर दिया। न सिर्फ पीड़िता ने दुष्कर्म की बात से इंकार किया, बल्कि पीड़िता की मां ने अपने बयान में यहां तक कह दिया कि उसने रिपोर्ट कुछ और दी थी और पुलिस ने कुछ और रिपोर्ट दर्ज की। 

मामले में जानकारी देते हुए अधिवक्ता राजन मेहरा ने बताया कि वर्ष 2020 में कालाढूंगी पुलिस ने नाजरा नकुड़ सहारनपुर निवासी विनीत चौधरी पुत्र देवेंद्र सिंह के खिलाफ पॉक्सो और दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया था। आरोप था कि विनीत ने अपनी ही नाबालिग साली के साथ डरा-धमका कर दुष्कर्म किया।

जिससे वह गर्भवती हुई और फिर उसका गर्भपात भी हो गया। मामले में पुलिस ने विनीत को गिरफ्तार भी कर लिया। मामला कोर्ट पहुंचा, जहां पीड़िता ने खुद के साथ दुष्कर्म की बात से इंकार कर दिया। जबकि पीड़िता की मां ने कहा कि वह अपनी बेटी के साथ कालाढूंगी थाने गई थी, लेकिन वह दुष्कर्म की शिकायत लेकर नहीं गई थी। पुलिस ने खुद रिपोर्ट लिखी थी और उसे पढ़ कर भी नहीं सुनाया था। सभी गवाहों को सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश पॉक्सो नंदन सिंह की अदालत ने विनीत को बरी कर दिया। 

यह भी पढ़ें: रामनगर: आकाशीय बिजली गिरने से पीरूमदारा में कई घरों के विद्युत उपकरण फुके

 

संबंधित समाचार