रायबरेली: प्राथमिक विद्यालय में ताला लगाने पर भड़के अभिभावक, कार्रवाई के लिए अनिश्चितकालीन धरना शुरू
रायबरेली, अमृत विचार। बछरावां विकास क्षेत्र के नंदा खेड़ा गांव में प्रधान समर्थकों ने बीते बुधवार को कंपोजिट विद्यालय नंदाखेड़ा के गेट में ताला लगा दिया था। इसके चलते शिक्षक व बच्चे लगभग दो घंटे तक विद्यालय के बाहर खड़े रहे। इस मामले ने मंगलवार को तूल पकड़ लिया। विद्यालय में ताला लगाने वालों पर कोई कार्रवाई न होने के चलते मंगलवार को विद्यालय के सामने ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया और अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
बीते बुधवार को ग्राम प्रधान कमलेश यादव के समर्थक आनंद यादव ने शिक्षकों के देर से पहुंचने व अन्य कई प्रकरण को लेकर विद्यालय के गेट में ताला लगा दिया। जब शिक्षक विद्यालय पहुंचे तो लगभग दो घंटे तक विद्यालय का ताला बंद रहा। विभागीय उच्च अधिकारियों को सूचना देने के बाद प्रधानाध्यापिका रजनी त्रिपाठी ने किसी तरह समझा-बुझाकर ताला खुलवा दिया। तब जाकर शिक्षण कार्य शुरू हो पाया। जब विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे अपने घर पहुंचे तो उन्होंने पूरे मामले से परिजनों को अवगत कराया।
मामले में प्रधान अध्यापिका ने सोमवार तक दोषियों पर कार्रवाई कराने की बात कही थी लेकिन जब सोमवार तक कार्रवाई नहीं हुई तो मंगलवार को अभिभावक भड़क उठे और फिर बड़ी संख्या में अभिभावकों ने विद्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। साथ ही अभिभावक अनिश्चितकालीन धरने प्रदर्शन पर बैठ गए हैं।
अभिभावकों का कहना है कि जब तक कोई भी शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारी नहीं आएगा या फिर कोई प्रशासन का अधिकारी आकर कार्रवाई का आश्वासन नहीं दे देता तब तक धरना चलता रहेगा। मामले को लेकर बीईओ सुरेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त हुई है। लिखित जानकारी पर उचित कार्रवाई जरूर की जाएगी व पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है।
यह भी पढ़ें:-रायबरेली: बीईओ डलमऊ को हर फाइल पर चाहिए सुविधा शुल्क, शिक्षकों ने खोला मोर्चा
