हरदोई: एक मुट्ठी लाई की लालच में बच्चों से कराई मजदूरी!
हरदोई। सरकार बाल श्रम उन्मूलन के लिए तमाम वादे करती है, लेकिन उसी के अपने उसके सारे दावों को खोखला साबित करने पर तुले हुए हैं। बिलग्राम तहसील का एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जो साबित करता है कि तहसील के ज़िम्मेदार कैसा गैर ज़िम्मेदाराना रवैया अपना रहे हैं। सिर्फ एक मुट्ठी लाई की लालच में किस तरह बच्चों से मज़दूरी कराई जा रही है।
बाल श्रम उन्मूलन के लिए सरकार ने तमाम योजनाएं बनाई और उन्हें अमल में लाने के लिए करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाए, लेकिन फिर भी उसके अपने ही उसकी फज़ीहत कराने पर आमादा है। दरअसल मामला बिलग्राम तहसील का है। वहां से बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री भेजी जा रही थी। छोटे-छोटे बच्चे वहां तहसील मुख्यालय के बाहर खड़े ट्रैक्टर पर खाद्य सामग्री के बोरे लादते हुए देखे गए।
वीडियो में एक बच्चा अपने सिर पर तीन-तीन बोरे लाद कर उन्हें ट्रैक्टर के पास ले जाते हुए देखा जा सकता है।इसी बीच किसी ने बोरे ढो रहे बच्चों का वीडियो बना कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस बारे में जब एसडीएम बिलग्राम संजीव कुमार से बात करनी चाही गई तो उनसे बात नहीं हो सकी। उसके बाद तहसीलदार विनीत कुमार से बात की गई तो उन्होंने हंसते हुए जवाब दिया कि आस-पड़ोस के बच्चे हैं,लाई की लालच में आ कर वहां लेबरो का हाथ बंटाने लगे।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : NHM संघ प्रतिनिधि मण्डल ने मिशन निदेशक से की मुलाकात, संविदाकर्मियों की गिनाई समस्या
