बरेली: बहनों की रक्षा के लिए हर स्कूल-कॉलेज में होंगी शक्ति दीदी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहरी इलाके में बेटियों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के निस्तारण के लिए अब स्कूल-कॉलेजों में शक्ति दीदी की तलाश की जाएगी। एक स्कूल-कॉलेज से दो-दो शक्ति दीदी को चिह्नित करने के बाद कमिश्नर सौम्या अग्रवाल की ओर से रक्षाबंधन के आसपास कार्यक्रम कराने की तैयारी है, इसमें शक्ति दीदी स्कूल-कॉलेज में पढ़ने वाली बच्चियों की सुरक्षा का संकल्प लेंगी।

सेफ सिटी योजना के तहत मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने निगम क्षेत्र में संचालित स्कूल, कॉलेजों में शक्ति दीदी बनाने के निर्देश मंगलवार को कमिश्नरी सभागार में बैठक के दौरान दिए। कमिश्नर ने कहा कि रक्षाबंधन के आसपास होने वाले कार्यक्रम में शक्ति दीदी को जैकेट भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

स्मार्ट सिटी योजना के तहत कराए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि सीसीटीवी कैमरों को इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से एकीकृत करने के लिए 320 लोकेशन चिह्नित की गई हैं। बताया कि 1196 एकीकृत जाने हैं, इनमें 293 एकीकृत जा चुके हैं। बाकी 903 को एकीकृत करने का कार्य चल रहा है।

कमिश्नर ने 15 दिन के अंदर सभी शराब की दुकानों, नारी संप्रेक्षण गृह, माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा के कॉलेजों, शॉपिंग मॉल, हॉस्पिटल, जेल, बैंक, गोशालाओं के सीसीटीवी भी एकीकृत करने के आदेश दिए हैं। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से एनसीसी व एनएसएस के बच्चों, छात्र-छात्राओं को सेफ सिटी वॉलंटियर बनाने के निर्देश मंडलायुक्त ने दिए हैं। सेफ सिटी संबंधी जागरूकता कार्यक्रम कराने पर भी जोर दिया। 

इस दौरान डीएम शिवाकांत द्विवेदी, नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स, एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह, डीआईओएस देवकी सिंह, बीएसए संजय कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी मोनिका राणा समेत स्मार्ट व सेफ सिटी के अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढे़ं- बरेली: तीन दिन तक गरज के साथ तेज बारिश का पूर्वानुमान, 6-8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

 

संबंधित समाचार