Kanpur: वार्डों में मिला जलभराव तो सफाई नायकों पर गिरेगी गाज, महापौर प्रमिला पांडेय ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में वार्डों में मिला जलभराव तो सफाई नायकों पर अब होगी कार्रवाई।

कानपुर में डेंगू की रोकथाम के लिए महापौर ने पार्षदों और नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने वार्डों में तीन दिन लगातार फागिंग के निर्देश दिए।

कानपुर, अमृत विचार। शहर की जिन गलियों में लगातार जलभराव रहता है, अब वहां सफाई न होने पर क्षेत्र के सफाई नायकों पर गाज गिरेगी। मंगलवार को डेंगू की रोकथाम के लिए महापौर प्रमिला पांडेय ने बैठक कर सभी अधिकारियों और पार्षदों से जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिये हैं। महापौर ने वार्डों में सप्ताह में तीन दिन फागिंग कराने के साथ ही सीएसओ से टोल फ्री नंबर जारी करने को भी कहा है, ताकि स्थानीय लोग अपनी समस्याओं की शिकायत दर्ज करा सकें।

प्रमिला सभागार में बुलाई गई बैठक में सभी पार्षद, नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन, अपर नगर आयुक्त, सीएमओ, सभी नगर स्वास्थ्य अधिकारी शामिल हुए। सुबह 11 बजे शुरू हुई बैठक में महापौर ने हर वार्ड में हफ्ते में तीन दिन फॉगिंग कराने का निर्देश दिया। महापौर ने मलेरिया प्रभावित इलाकों में टेस्टिंग बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में ज्यादा जलभराव है वहां पर नियमित तौर पर दवा का छिड़काव किया जाए।

इसके साथ ही डेंगू प्रभावित इलाकों में बाकायदा जन जागरूकता अभियान भी चलाया जाए। जिससे मरीजों को बचाव की पूरी जानकारी मिल सके। महापौर ने शहरवासियों से अपील की है कि घरों के आसपास पूर्ण साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करें। कचरे को अपने आवास से दूर फेंके। घरों के कूलर, टैंक, ड्रम आदि से पानी खाली करें।

कूलर का उपयोग नही होने का दशा में उसका पानी पूरी तरह खाली करें। घरों के आसपास पानी एकत्रित होने वाली सभी अनुपयोगी वस्तुएं जैसे -टीन के डिब्बे, कांच एव प्लास्टिक की बोतल, नारियल के खोल, पुराने टायर आदि नष्ट कर दें। इसके साथ समस्या बढ़ने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम को सूचित करें।

संबंधित समाचार