Banda: अधिवक्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर की नारेबाजी, 43 दिनों की कलमबंद हड़ताल से नहीं जागा प्रशासन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में आक्रोशित अधिवक्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगाया जाम।

बांदा में आक्रोशित अधिवक्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाया। 43 दिनों की कलमबंद हड़ताल से भी प्रशासन नहीं जागा। अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर डीएम के खिलाफ नारेबाजी की।

बांदा, अमृत विचार। अधिवक्ताओं से सम्मानजनक व्यवहार न किए जाने की विरोध में उप जिलाधिकारी नमन मेहता के स्थानांतरण की मांग को बीते 43 दिनों से चल रही अधिवक्ताओं कलमबंद हड़ताल और 23 दिनों से चल रहे क्रमिक अनशन से भी प्रशासन को काई फर्क नहीं पड़ा। अब तक प्रशासन ने इस संबंध में कोई आवश्यक कार्रवाई नहीं की, जिस पर आक्रोशित अधिवक्ताओं ने बुधवार को बांदा-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन करते हुए अपना आक्रोश दर्ज कराया। 

उप जिलाधिकारी नमन मेहता द्वारा अधिवक्ताओं से सम्मानजनक व्यवहार न किए जाने के विरोध में चल रही अधिवक्ताओं की कलमबंद हड़ताल लगातार जारी है। हड़ताल के 42 दिन बीत जाने पर शासन व प्रशासन द्वारा श्री मेहता के स्थानांतरण को लेकर कोई निर्णय न लिये जाने से आक्रोशित अधिवक्ताओं में संघ के अध्यक्ष शिवनंदन यादव के नेतृत्व में सैकड़ों अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए बांदा-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग जामकर प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी मुर्दाबाद के नारे लगाए।

अधिवक्ताओं के प्रदर्शन के दौरान सड़क के दोनों तरफ दर्जनों वाहनों की कतारें लगी रहीं। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए संघ के अध्यक्ष श्री यादव समेत पूर्व अध्यक्ष अमर सिंह राठौड़, वरिष्ठ अधिवक्ता चंद्रभान त्रिपाठी, मनोज श्रीवास्तव, भोला द्विवेदी, सूरज बाजपेई और मनोज द्विवेदी ने कहा कि अधिवक्ताओं के आंदोलन के तकरीबन डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी उच्चाधिकारियों के कानों में जूं तक नहीं रेंगी। एक और जहां अधिवक्ता परेशानी का सामना कर रहे हैं, वहीं उच्चाधिकारियों की हठधर्मिता के चलते समस्या का हल नहीं निकल पा रहा है।

अधिवक्ताओं की इस कलमबंद हड़ताल से जहां एक ओर अधिकारी परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर फरियादी भी भटकने को मजबूर हैं। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता शिवमूर्ति मिश्रा, विश्वनाथ अवस्थी, राजकुमार पाठक, अतुल दीक्षित, लखन मिश्रा, संतोष गुप्ता, अवनीश तिवारी, भागीरथ पांडेय, विनोद तिवारी, विनय मिश्रा, संतोष द्विवेदी, अजय शर्मा, छोटेलाल अवस्थी आदि मौजूद रहे।

उधर, अधिवक्ताओं का यूपी जिलाधिकारी कोर्ट पर सर्वे चल रहा क्रमिक अनशन पर वरिष्ठ अधिवक्ता चंद्रभान त्रिपाठी ने पूर्व महासचिव भोला द्विवेदी, अतुल दीक्षित, अनिल कुमार मिश्रा, शंकरदयाल उपाध्याय, राममिलन कुशवाहा को माल्यार्पण कर अनशन पर बैठाया। अनशन के दौरान संघ के महासचिव नरेंद्र कुमार शुक्ला, अधिवक्ता राजेंद्र त्रिपाठी, अशोक पांडेय, राममोहन गुप्ता, राजललन गर्ग, वीरेंद्र पांडेय, जितेंद्र तिवारी, शिवपूजन, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।

 

संबंधित समाचार