रुद्रपुर: रंपुरा बस्ती में फायरिंग प्रकरण में पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। मंगलवार की देर शाम रंपुरा बस्ती में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता का आरोप था कि मासूम की जरा सी गलती के बाद दबंगों ने घर पर पथराव और फायरिंग कर जान से मारने की कोशिश की थी।

जानकारी के अनुसार रंपुरा वार्ड-23 निवासी दीना राम का कहना था कि मंगलवार की शाम को उसका डेढ़ साल का सगा भतीजा अपने घर की छत पर खेल रहा था कि अचानक हाथ लगने के कारण छत पर रखी ईट नीचे से गुजर रही कार पर जा गिरी। जिस पर कार सवार रंपुरा बस्ती का रहने वाला सोन कोली उर्फ सोनू खत्म, गोलू सरदार कार से उतरे और गाली गलौज करने लगे। इस दौरान कार सवार युवकों को काफी समझाने का प्रयास किया। मगर वहीं माने और फोन कर अपने भाई शेखर कोली को भी बुला लिया जो धारदार हथियार लेकर वहां पहुंचा और मासूम बच्चे को गोली मारने की धमकी देने लगे।

आरोप था कि इस दौरान आरोपियों के हाथों में तमंचे व धारदार हथियार देखकर परिवार के लोगों ने दरवाजा बंद कर दिया। हमलावरों ने दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया और घर पर पथराव शुरू कर दिया। जिसके बाद सोनू खत्म और साथी सोनू ने तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी। जिस कारण उसने घर में छिपकर अपने परिवार की जान बचाई और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना मिलने पर रंपुरा चौकी प्रभारी केसी आर्या मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इस दौरान उन्हें मौके पर खाली खोखे बरामद हुए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार