कासगंज: देवांश लॉज मामला: सदर तहसील में हुआ फेरबदल, हटाए गए अफसर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार हटाए गए

कासगंज, अमृत विचार। देवांश लाज हुए कब्जे के मामले में एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है। सदर तहसील में बड़ा फेरबदल किया गया है। एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार हटा दिए गए हैं। इस कार्रवाई की चर्चा शहर में तेज हो गई है और तहसील में खलबली मची हुई है।

देवांश लाज का विवाद इन दिनों तूल पकड़ा हुआ है। मामला अधिकारियों के संज्ञान में है। अभी जांच जारी है। मामले में विधायक ने जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री से शिकायत की थी और गाटा संख्या 38 को राजकीय संपत्ति बताया था। इसकी जांच शुरू हुई। डीएम के निर्देश पर एसडीएम ने तहसीलदार और नायब तहसीलदार पर जांच कराई। तहसीलदार ने आधा दर्जन विभागों को पत्र जारी कर पूछा कि इस संपत्ति में कहीं संबंधित विभागों की संपत्ति तो नहीं हैं। 

इधर विभागों से आख्या मिलने के बाद तहसीलदार और नायब तहसीलदार ने अपनी आख्या एसडीएम को सौंप दी। जिसमें एसडीएम ने स्पष्ट किया कि गाटा संख्या 38 राजकीय संपत्ति नहीं है। इस जांच आख्या के बाद विधायक ने रिपोर्ट पर सवाल खड़े किए और मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाने की बात कही। इधर अब प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई कर दी है। डीएम हर्षिता माथुर ने एसडीएम सदर पंकज कुमार को एसडीएम न्यायिक सहावर बनाया है। जबकि संजीव कुमार को एसडीएम सदर बनाया है। 

तहसीलदार अजय कुमार का पूर्व में स्थानांतरण हो चुका था। उन्हें झासी के लिए कार्य मुक्त कर दिया है। पटियाली के नायब तहसीलदार को कासगंज तहसील में नायब तहसीलदार बनाया है। जिला प्रशासन के अनुसार प्रशासनिक हित में ये फेर बदल किए गए हैं, लेकिन इस फेर बदल की चर्चा पूरे शहर में है। हर कोई इस कार्रवाई को देवांश लाज से जोड़कर देख रहा है। तहसील में भी खलबली मची हुई है।

नवागत एसडीएम ने संभाला चार्ज
सदर तहसील के नवागत एसडीएम संजीव कुमार ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। जबकि सदर एसडीएम पंकज कुमार कार्यमुक्त कर दिए गए हैं। तहसील में अचानक हुए बदलाव ने चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।

बदलाव की हुई पुष्टि
जिलाधिकारी कार्यालय के अनुसार बदलाव की पुष्टि हो गई है। अभी किसी तहसीलदार को चार्ज नहीं मिला है। सदर तहसीलदार का पद फिलहाल खाली है। जल्द ही इस पद पर भी तैनाती हो जाएगी।

जनहित एवं प्रशासनिक हित में फेर बदल का निर्णय लिया गया है और फेर बदल करते हुए संबंधित को आदेश का तत्काल पालन करने को कहा गया है--- हर्षिता माथुर, डीएम।

यह भी पढ़ें- देवांश लॉज पर कब्जे का मामला: जांच में सही नहीं पाई गई सदर विधायक की शिकायत, एसडीएम ने दी रिपोर्ट 

 

संबंधित समाचार