काशीपुर: दहेज में 4 पहिया वाहन और 4 लाख रुपये की मांग का आरोप
काशीपुर, अमृत विचार। थाना कुंडा क्षेत्र निवासी एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी अप्रैल 2018 को शाहरुख निवासी थाना स्वार जिला रामपुर (उप्र) के साथ हुई थी। जिससे उसका एक पुत्र भी है। शादी में उसके माता-पिता जेवरात व बाइक के अलावा अन्य वस्तुएं उपहार स्वरूप दिये थे।
लेकिन पति व ससुराली इससे खुश नहीं थे। शादी के कुछ समय बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराली प्रताड़ित करने लगे और दहेज में चार पहिया गाड़ी व चार लाख रुपये की मांग करने लगे। जिसकी शिकायत उसने थाना कुंडा में की, तो पति व ससुराली दोबारा गलती न करने की बात बोलकर उसे अपने साथ ले गए।
बाद में वह लोग फिर से मारपीट करने लगे। आरोप है कि जनवरी 2023 में उसके पति व ससुरालियों ने उसे बिजली का करंट लगाकर मारने की कोशिश भी की। जिसमें वह किसी तरह बच गई। बाद में उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति सहित 5 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
