काशीपुर: केस वापस नहीं लेने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी का आरोप
काशीपुर,अमृत विचार। एक महिला पर मारपीट का केस वापस नहीं लेने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी देने और पांच लाख रुपये मांगने का आरोप लगा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
कुंडेश्वरी क्षेत्र निवासी सतपाल ने कुंडेश्वरी चौकी पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके गांव के रहने वाले गोपाल सिंह व राजकौर एवं उसके परिवार के अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी। जिस कारण वह अस्पताल में भर्ती रहा। इस सम्बन्ध में पीड़ित की पत्नी सुमन कौर ने थाना काशीपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मामले में गोपाल सिंह व उसका बेटा दलजीत सिंह तथा राजकौर की बहन के पुत्र करनजीत सिह व मंजीत को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। तभी से वह उसको व उसके परिवार के सदस्यों को फंसाने की फिराक में हैं। 17 अगस्त 2023 को उसके गांव जगतपुर में रहने वाले रमेश व उसकी पत्नी के साथ बृजेश कुमार की कहासुनी हो गई।
रमेश, गोपाल व राजकौर का रिश्तेदार है। इसी दौरान उसके बेटे शुभम ने बीच बचाव किया। तो रमेश और उसकी पत्नी ने झूठी शिकायत चौकी में दर्ज करा दी। इसके बाद राजकौर उसके बेटे शुभम व उसके दोस्त ऋषभ सिंह के साथ गाली गलौज कर मारपीट की। उन्होंने उसे व उसके बेटे को झूठे केस में फंसाने की धमकी देने के साथ ही 5 लाख रुपये की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
