संभल के गांव हाफिजपुर में बीमारी से महिला सहित चार की मौत, पानी में मिला डेंगू मच्छर का लार्वा
गांव में दो दिन में चार लोगों की मौत से दहशत का माहौल, गांव में बड़ी संख्या में लोग बुखार की चपेट में
संभल, अमृत विचार। तहसील क्षेत्र के हाफिजपुर गांव में बुखार के व्यापक प्रकोप के बीच दो दिन में महिला सहित चार लोगों की मौत हो गई है। अनेक लोग बुखार से ग्रस्त हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव के कई घरों के पानी में डेंगू मच्छर का लार्वा मिला।
यहां दस दिन से बड़ी संख्या में लोग बुखार से पीड़ित हैं। ग्रामीण निजी डॉक्टरों के पास उपचार करा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई लोगों की जांच रिपोर्ट डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड पॉजिटिव आई है। ग्रामीण संजीव चौधरी, हिदायत अली व रहमत अली ने बताया कि बुखार की वजह से मंगलवार को गांव निवासी 46 वर्षीय सुखकमल की मौत हो गई जबकि बुधवार को 45 वर्षीय भगवानदास व सईद की 55 वर्षीय पत्नी दिलबरी व 45 वर्षीय अनीस की मौत हो गई।
इन सभी का निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा था। दो दिन में चार मौतें होने से गांव में हड़कम्प मचा है। बुखार से चार मौत होने की सूचना पर गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम में शामिल डॉक्टर नीरज शर्मा ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण का दवाएं दीं।
टीम को कई घरों में कूलर के अंदर भरे पानी की जांच में डेंगू मच्छर का लार्वा मिला। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डा. मनीष अरोड़ा ने बताया कि हाफिजपुर में जिन चार लोगों की मौत हुई है उनमें एक महिला को बुखार के बाद ब्रेन हेमरेज की बात बताई गई जबकि दो लोग टीबी से पीड़ित थे। एक अन्य व्यक्ति सेप्टीसीमिया पीड़ित बताया गया है। गांव में बुखार पीड़ितों को दवा दी गई है।
ये भी पढ़ें:- जयशंकर ने की तमिल समुदाय के मुद्दों के समाधान के लिए श्रीलंका में 13A पूरी तरह लागू करने की वकालत
