बरेली: जंक्शन पर तौल से खाना बेचने का नियम पर तराजू किसी के पास नहीं
बरेली, अमृत विचार। रेलवे के नियम के मुताबिक जंक्शन पर तौल कर ही वेंडर खाने की वस्तुएं बेच सकते हैं लेकिन इस नियम को ताक पर रखे अरसा बीत चुका हैं। इतना जरूर है कि स्टॉलों पर लगी रेट लिस्ट पर खाने की चीजों का वजन लिखा है लेकिन तौल के लिए किसी के भी पा तराजू नहीं है। आमतौर पर स्टेशनों पर दो प्रकार के खानपान की वस्तुएं मिलती हैं।
कंपनियों के पैकेट बंद उत्पाद और स्टेशन पर ठेका चलाने वाली एजेंसियों के। पैकेट बंद उत्पादों रेल नीर, चिप्स, कोल्ड ड्रिंक, जूस, बिस्किट आदि को एमआरपी पर बेचा जाता है। वहीं भोजन जैसे छोले पूरी, समोसा आदि की कीमतें रेलवे बोर्ड निर्धारित करता है। बोर्ड कीमतों के साथ ही इनका वजन भी तय करता है। बरेली जंक्शन पर खाने को खरीदने के बाद अगर यात्री उसका वजन चेक करना चाहे तो किसी भी स्टॉल पर तराजू नहीं है।
जंक्शन के मुख्य वाणिज्य निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि स्टॉल वाले अगर तराजू नहीं रख रहे हैं तो अभियान चलाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जंक्शन पर 40 से ज्यादा खानपान के स्टॉल
जंक्शन पर खानपान के करीब 40 स्टॉल हैं, इन पर फल, बिस्किट, चिप्स, जनता खाना, छोले पूरी आदि की बिक्री होती है। जंक्शन पर एक भोजनालय आईआरसीटीसी की ओर से भी संचालित किया जा रहा है।
खानपान की रेट लिस्ट
जंक्शन पर पांच पूरी (प्रति 20 ग्राम) व 120 ग्राम छोले 28 रुपये में, रेल नीर एक लीटर 15 रुपये, जनता खाना सात पूरी ( 25 ग्राम प्रति पूरी), सूखी सब्जी, और आचार 15 रुपये में, चाय डिप 150 एमएल डिस्पोजल और 170 एमएल कुल्हड़ 10 रुपये में। इसके अलावा कोल्डड्रिंक, नमकीन, चिप्स, मिठाई आदि एमआरपी पर बेचे जाते हैं।
ये भी पढे़ं- बरेली: जर्जर आवास खाली करने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को नोटिस
