बरेली कॉलेज में स्नातक की सीटें बढ़ाने की तैयारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में हर वर्ष स्नातक और परास्नातक में प्रवेश के लिए मारामारी होती है। सीटों के सापेक्ष दोगुने से भी अधिक आवेदन आते हैं। इसकी वजह से मेरिट हाई जाती है और कई छात्र प्रवेश से वंचित रह जाते हैं।

इसके लिए कॉलेज प्रशासन ने स्नातक के सभी पाठ्यक्रमों में सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया है। प्राचार्य प्रो. ओपी राय के अनुमोदन के बाद बुधवार को मुख्य प्रवेश नियंत्रक प्रो. वंदना शर्मा के नेतृत्व में प्रवेश समिति ने एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केपी सिंह से मुलाकात कर सीटें बढ़ाने की मांग की। कुलपति ने नियमानुसार इस पर विचार करने का आश्वासन दिया।

बरेली कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की 1840, बीकॉम की 1040, बीएससी जीव विज्ञान की 720 और गणित की 880 सीटें हैं। इसके अलावा सभी की 10 प्रतिशत ईडब्ल्यूएस कोटे की सीटें हैं। बरेली कॉलेज में सत्र 2023-24 में प्रवेश के लिए बीए में 4305, बीकॉम में 1104, बीएससी जीव विज्ञान में 1771 और बीएससी गणित के लिए 850 आवेदन आए हैं। 

बीकॉम और बीएससी गणित में तो छात्रों को प्रवेश में दिक्कत नहीं हुई लेकिन बीए और बीएससी जीव विज्ञान में प्रवेश के लिए अभी मारामारी है। ऐसे में कॉलेज प्रशासन ने बीए, बीकॉम, बीएससी जीव विज्ञान और गणित सभी में 80-80 सीटों बढ़ाने का प्रस्ताव विश्वविद्यालय के समक्ष रखा है। इससे सभी में एक-एक सेक्शन बढ़ जाएगा। सीटें बढ़ने से छात्रों को प्रवेश में दिक्कत नहीं होगी। मुख्य प्रवेश नियंत्रक के साथ प्रवेश समिति से प्रो. शिखा वर्मा, डॉ. रेनू चौधरी और डॉ. हनुमान वर्मा शामिल रहे।

बीकॉम प्रथम वर्ष में द्वितीय चरण के आवेदन शुरू
बरेली कॉलेज ने बीकॉम प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए द्वितीय चरण शुरू कर दिया है। इसके लिए पोर्टल खोल दिया गया है। छात्र 26 अगस्त शाम 5 बजे तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे। अधिक आवेदन आने पर मेरिट जारी कर प्रवेश लिए जाएंगे।

बीकॉम में आवेदन करने वाले सभी छात्रों को प्रवेश का मौका दिया जा चुका है। जो छात्र पूर्व की मेरिट में शुल्क न जमा करने की वजह से प्रवेश से रह गए थे, उन सभी 70 छात्रों को भी मौका दिया जा चुका है। वहीं कॉलेज ने बीएससी गणित में प्रवेश लेने वाले छात्रों को भी एक मौका दिया है। जो छात्र मेरिट में शामिल हैं, वह अब 26 अगस्त तक शाम 5 बजे तक ऑनलाइन प्रवेश ले सकेंगे।

आज जारी हो सकती है छठवीं मेरिट
बरेली कॉलेज गुरुवार को रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए छटवीं मेरिट जारी कर सकती है। बीए और बीएससी जीव विज्ञान में अभी प्रवेश शेष रह गए हैं। वहीं ईडब्ल्यूएस कोटे से प्रवेश के लिए फर्जी प्रमाणपत्र लगाने वाले छात्र अभी तक मूल प्रमाणपत्रों के साथ नहीं पहुंचे हैं।

ये भी पढे़ं- बरेली: अधिवक्ताओं, न्यायाधीशों और पीड़ित परिवारों पर दर्ज केस वापस लेने की मांग

 

 

संबंधित समाचार