देहरादून: राज्य को मिले 33 हजार ग्रामीण आवास, ग्राम्य विकास मंत्री ने जताया केंद्र सरकार का आभार
देहरादून, अमृत विचार। केंद्र सरकार ने उत्तराखंड राज्य के 33 हजार आवास आवंटित कर दिए हैं। ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि बीती 7 अगस्त को उन्होंने केन्द्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरीराज सिंह से भेंट कर उत्तराखंड के लिए 26 हजार ग्रामीण आवास दिये जाने की मांग की थी। केंद्रीय मंत्री ने 33 हजार आवास आवंटित कर दिये हैं।
कैबिनेट मंत्री जोशी ने प्रदेश की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 26 हजार आवास आवंटित करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत राज्य को कुल 73 हजार आवासों में से 46 हजार आवंटित हुए थे, जिसमें 35 हजार आवासों का निर्माण पूर्ण हो चुका है और अन्य पर कार्य चल रहा है।
मंत्री ने केन्द्रीय मंत्री का आभार जताया कि राज्य को सभी 46 हजार आवासों की धनराशि प्राप्त हो गयी है और प्रदेश को 26 हजार आवास अतिशीघ्र आवंटित किये जाए। कहा कि यह डबल इंजन की सरकार का उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्र के लिए तोहफा है।
