अमरोहा: संभल में विवादित स्थल पर जल चढ़ाने जा रहे शिव सैनिकों को पुलिस ने रोका, नोकझोंक
हसनपुर (अमरोहा), अमृत विचार। संभल में विवादित स्थल पर जल चढ़ाने के लिए बृजघाट से गंगा जल लेने जा रहे शिव सैनिकों को पुलिस ने नगर के बाईपास पर रोक लिया। पुलिस और शिव सैनिकों में नोकझोंक हुई। शिव सैनिकों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में पुलिस ने उन्हें समझाकर वापस भेज दिया।
शनिवार को शिव सैनिकों ने संभल में जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर होने का दावा कर जल चढ़ाने का ऐलान किया था। इसकी जानकारी मिलने पर खुफिया तंत्र और पुलिस अलर्ट हो गई थी। शिवसेना के प्रदेश प्रमुख ठाकुर अनिल सिंह के निर्देश पर जिला प्रमुख वेद प्रकाश यादव के नेतृत्व में शिव सैनिक गंगाजल लेने बृजघाट जा रहे थे।
तभी शिवसैनिकों की कार को क्राइम इंस्पेक्टर जितेंद्र बालियान व कस्बा इंचार्ज विकास कुमार ने रोक लिया। इससे गुस्साए शिव सैनिकों ने नारेबाजी की। वेद प्रकाश ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर संभल में जल चढ़ाने के लिए बृजघाट से गंगाजल लेने जा रहे थे। इस दौरान जिला उप प्रमुख निकुंज शर्मा, नगर प्रमुख विकास यादव, राजकुमार सागर, सीमा यादव, जितेंद्र कुमार बंसल, रवि यादव आदि रहे।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा: गेंद निकालने गड्ढे में घुसे छात्र की दम घुटने से मौत, पांच घंटे रेस्क्यू कर निकाला शव
