प्रयागराज : अराजक तत्वों ने तोड़ी बाबा साहब की प्रतिमा, हंगामा
नैनी/ प्रयागराज, अमृत विचार। करछना क्षेत्र के मेंडरा ग्राम सभा में भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अराजकतत्वों ने खंडित कर दिया। इससे लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया और वह हंगामा करने लगे सूचना पर इलाकाई पुलिस के अलावा एसडीएम करछना एवं एसीपी करछना अजीत चौहान भी पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझाकर शांत किया। मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मेंडरा गांव में एक साल पूर्व प्रभात फेरी निकालकर विधि विधान से संविधान निर्माता, भारत रत्न बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किया गया था।शुक्रवार रात अराजक तत्वों ने अंबेडकर की प्रतिमा को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसकी जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, भीम आर्मी के कार्यकर्ता व सपा व बसपा के कई नेता मौके पर पहुंच गए। लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।
बसपा मंडल जोनल इंचार्ज राजेश पासी व अन्य लोग अराजक तत्वों की गिरफ्तारी व नई मूर्ति स्थापित करने की मांग करने लगे। वही मौके पर मौजूद उप जिलाधिकारी राजेश श्रीवास्तव एवं एसीपी अजीत कुमार चौहान ने लोगों को शांत करते हुए दोपहर तक शहर से नई मूर्ति को मंगाकर पुनः स्थापित करा दिया। इसके बाद लोग शांत हुए। प्रधान पुत्र शैलेंद्र प्रताप ने करछना थाना में गांव के ही धीरज पांडे, मनोज पांडे, संतोष पांडे, सुशील पांडे के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया। वहीं कुछ लोग इसे पेशबंदी भी मान रहे हैं। यहां रास्ते का भी विवाद चला आ रहा है।
ये भी पढ़ें -फतेहपुर : सपा नेता संग खनन संचालक ने राजस्व टीम से की अभद्रता
