Kanpur Nagar Nigam : समस्याओं पर चर्चा, हंगामा और ‘विकास’ का बजट पास
दूसरे कार्यकाल का पहला सदन शनिवार को लगा, कुल 22 अरब से ज्यादा के बजट को हरी झंडी
कानपुर, अमृत विचार। शहर के विकास का रास्ता शनिवार को सदन के रास्ते खुल गया है। कार्यकाल के बुलाए गए पहले सदन में समस्याओं पर चर्चा और हंगामें के बीच नगर निगम के 19 अरब और जलकल के तीन अरब रुपये से ज्यादा के बजट को सदन से हरी झंडी मिल गई। इसके साथ ही टेबल प्रस्तावों को भी नगर आयुक्त ने पटल से हंगामें के बीच पास कर दिया। महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि अब शहर के विकास का काम शुरू हो जायेगा। बजट पास न होने की वजह से कई कार्य रुके थे, जो अब पूरे होंगे।
शनिवार को निर्धारित समय से एक घंटा देरी से शुरू हुये सदन की कार्रवाई जैसे ही महापौर प्रमिला पांडेय ने आगे बढ़ाई, भाजपा पार्षद दल के नेता नवीन पंडित ने बजट को पास करने से पहले चर्चा करने की मांग की। जिसके बाद महापौर प्रमिला पांडेय ने हर दल के नेता को उनकी पार्टी की ओर से समस्याओं को रखने के लिये आमंत्रित किया। सबसे पहले पार्षद हाजी सुहैल अहमद ने शहीदों के अपमान का मुद्दा सदन में उठाया। उन्होंने कहा कि अशोक नगर चौराहा पर लगी शहीदों की लौ जलाने की जिम्मेदारी गैस की सप्लाई करने वाली कंपनी सीयूजीएल की थी। लेकिन, कंपनी ने बिना नगर निगम के अधिकारियों और महापौर से बात कर लौ बंद हो गई। ये हमारे शहीदों का अपमान है। इस पर विपक्ष ने हंगामा करना शुरू कर दिया, इस मामले में सदन में बहुमत में रहे भाजपा पार्षदों ने भी सहमति जताई।
सीयूजीएल को एक इंच भी जमीन न दी जाये
महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा, कि शहीदों का अपमान करने वाली कंपनी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर आयुक्त कल से यह सुनिश्चित करें कि कानपुर के अंदर सीयूजीएल गैस कंपनी काम न कर सके। कंपनी को नगर निगम की एक इंच जमीन का प्रयोग न करने दिया जाए। नगर निगम अपनी निधि से शहीदों की लौ जलाएगा। जब तक नगर निगम रहेगा, तब तक शहीदों की लौ बुझने नहीं दी जाएगी। महापौर ने बताया कि हमारा कंपनी के साथ 7 साथ का एग्रीमेंट था। लेकिन, कंपनी ने बिना पूछे ही लौ की सप्लाई को बंद दिया, यह दुस्साहस है। हाजी सुहैल ने कहा कि नगर निगम की जमीन पर जो भी सब-स्टेशन हैं उन्हें भी बंद किया जाये। हालांकि, यदि ऐसा हुआ तो शहर की जो आबादी सीयूजीएल कंपनी से गैस का इस्तमाल कर रही है वह परेशान हो जायेगी।
जाने कितना बजट हुआ पास
शनिवार को जो बजट पास हुआ उसमें नगर निगम का 19 अरब 8 करोड़ 31 लाख 2700 और जलकल का तीन अरब 63 करोड़ 44 लाख रुपये का बजट शामिल है।
बैठक में ये भी प्रस्ताव हुए पास
-पार्षदों की अध्यक्षता में विभागों की कमेटियां बनेंगी
-बर्रा पांच की पानी की टंकी की जीर्णोद्धार होगा
-कर्रही बाजार से पांच वार्डों को निकलने वाला नाला पक्का बनेगा
-गुजैनी पुलिया का चौड़ीकरण किया जाएगा
- जागेश्वर मंदिर और वनखंडेश्वर मंदिर कॉरीडोर बनेगा
-400 कुत्तों के लिए किशनपुर में आश्रय स्थल बनाने का भी प्रस्ताव
-पालतू बिल्लियों का पंजीकरण अब जरूरी
-केबिल ऑपरेटरों से वसूला जाएगा टैक्स
-श्याम बिहारी मिश्र के नाम पर नहरिया रोड
-कर्मियों की आकस्मिक मौत पर राहत राशि 5 लाख रुपये
-2 गाय पाल सकेंगे, लेकिन उनके रखने की पूरी व्यवस्था करनी होगी
इस मद में नगर निगम खर्च करेगा बजट
मद- बजट
सड़क निर्माण- 66.67 करोड़
उद्योग बंधु रोड निर्माण- 12 करोड़
सार्वजनिक शौचालय- 2 करोड़
लेदर क्रोमियम निस्तारण- 5 करोड़
पार्कों का रखरखाव- 13.33 करोड़
अन्य विकास कार्यों पर- 15 करोड़
आकस्मिक व्यय – 20 करोड़
बिजली एवं ईएसएसएल – 6 करोड़
डीजल और पेट्रोल पर खर्च- 46 करोड़
यातायात संकेत – 3 करोड़
खेल सामग्रियों पर – 1 करोड़
ये भी पढ़ें -प्रतापगढ़ : पुलिस की निगरानी में स्कूल पहुंची मनचलों से डरी छात्राएं, लापरवाही पर अंतू एसओ लाइन हाजिर
