नंदिता प्रकरण : पीड़ित पर समझौते का दबाव, सीएमओ को जांच रिपोर्ट का इंतजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नौ अगस्त से पहले चार सदस्यीय टीम का गठन कर पांच दिन में जांच पूरी करने का निश्चित किया था समय, अभी जांच अधूरी

एपेक्स अस्पताल व रेलवे के अधिकारियों से पीड़ित पक्ष पर वरदान नर्सिंग होम से समझौता कर लेने का बनाया जा रहा दबाव

मुरादाबाद, अमृत विचार। लाजपतनगर के वरदान नर्सिंग होम में ऑपरेशन के दौरान नंदिता उर्फ शिल्पी की मौत का मामला ठंडे बस्ते में दिख रहा है। प्रकरण की छानबीन की बात तो दूर सीएमओ डा.कुलदीप सिंह अभी तक यह ही नहीं समझ पाए हैं कि अस्पताल दोषी है या नहीं। जुलाई माह के इस चर्चित प्रकरण में उनका कहना है कि जांच टीम  ने अभी तक रिपोर्ट ही नहीं दी है। वैसे जांच टीम का गठन सीएमओ ने 9 अगस्त से पहले किया था।

पांच दिन में जांच के बाद प्रभावी कार्रवाई बड़े दावे किए थे। अब सीएमओ कह रहे हैं कि जांच टीम अपने हिसाब से तथ्यों की पड़ताल कर रही है। प्रारंभ में वह कह रहे थे, चार सदस्यीय टीम गठन के अगले पांच दिन में वह रिपोर्ट कार्रवाई के लिए सीओ कटघर को भेज देंगे। सीओ कटघर का कहना है कि किसी भी आरोप में वह डॉक्टर के विरुद्ध सीधे रिपोर्ट नहीं दर्ज कर सकते हैं। इसलिए स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपेार्ट पुलिस के लिए आवश्यक है। उधर, मृतक नंदिता के पति आलोक दीक्षित ने बताया कि सीएमओ ने उससे नंदिता के ट्रीटमेंट के दस्तावेज मांगे थे, जो वह सीएमओ को दे आये हैं। 

आलोक दीक्षित ने ये भी बताया कि वरदान नर्सिंग होम वालों से समझौता कर लेने के लिए उस पर दबाव बनाया जा रहा है। एपेक्स के एक डॉक्टर के हवाले से कहा कि डॉक्टर भी उनसे कई बार वरदान नर्सिंग होम से लेनदेन कर समझौता कर लेने को कहा है। जबकि रेलवे से भी उस पर दबाव बनवाया जा रहा है। आलोक रेलवे के टेक्नीशियन अनुभाग में क्लास तीन के कर्मी हैं। वह कपूर कंपनी पुल के पास रेलवे के डिपो में तैनात हैं। 

शुरूआत में सीएमओ ने दिखाई थी तेजी, अब शांत
नंदिता उर्फ शिल्पी 30 जुलाई को वरदान नर्सिंग होम में भर्ती हुई थी। अगले दिन शाम को उसकी मौत हो गई। ऑपरेशन में लापरवाही शव के पोस्टमार्टम में सिद्ध हुई थी। इस नर्सिंग होम में नंदिता की तरह कोई दूसरी प्रसूता के प्रसव में लापरवाही न हो, इसके लिए नंदिता के पति आलोक दीक्षित ने थाने से लेकर सीएमओ व डीआइजी तक लंबी दौड़ लगाई। उसी बीच नए सीएमओ डॉ.कुलदीप सिंह ने पद भार ग्रहण किया था। 

मामला संज्ञान में आते ही उन्होंने शुरूआत में तेजी दिखाकर चार सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी थी। कार्रवाई के लिए इस टीम से अगले पांच दिन में जांच रिपोर्ट मांग ली थी। जांच टीम में गायनेकोलॉजिस्ट डॉ.निर्मला पाठक, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एनएचएम) डॉ.सुनील दोहरे, डॉ.आरके शर्मा और जनरल सर्जन डॉ.राहुल चौधरी शामिल किए गए थे। नौ अगस्त के दिन अमृत विचार से दूरभाष पर हुई बातचीत में सीएमओ डा.कुलदीप सिंह ने कहा था कि वरदान नर्सिंग होम का प्रकरण उन्हें संज्ञान में है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट (पीएम) उन्होंने खुद पढ़ी है। सीएमओ ने कहा था कि जांच के लिए निश्चित पांच दिनों में ही वह दूध का दूध और पानी का पानी कर देंगे। 

सीएमओ ने ये भी कहा था कि नंदिता की मौत ऑपरेशन टेबल पर ही हो गई थी। नर्सिंग होम के डॉक्टर ऑपरेशन से प्रसव कराने के बाद फिर उसे दूसरे ऑपरेशन के लिए ओटी में ले गए थे। मृतक नंदिता उर्फ शिल्पी के पति आलोक दीक्षित ने बताया कि पत्नी का प्रसव कराने के लिए वरदान नर्सिंग होम के डॉक्टरों ने ऑपरेशन में लापरवाही की थी। प्रसव के अगले दिन डॉक्टरों ने उसका दूसरा ऑपरेशन कर दिया था, उससे नंदिता की मौत हो गई थी। गर्भ में पल रहा नंदिता का ये पहला बच्चा था।

एपेक्स से चल रहा बच्चे का इलाज
रेलकर्मी आलोक दीक्षित ने बताया कि वरदान नर्सिंग होम में ऑपरेशन से जन्मे को 30 जुलाई को दिल्ली रोड पर स्थित एपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया था। एपेक्स उसके बच्चे का 10 दिन इलाज चला। अभी भी उसकी दवाई एपेक्स से हो रही है।

घटना क्रम

  • 30 जुलाई को नंदिता वरदान नर्सिंग होम में भर्ती हुई।
  • 30 जुलाई के दिन ही ऑपरेशन से उसने शिशु को जन्म दिया।
  • 31 जुलाई को डॉक्टरों ने उसका दूसरा ऑपरेशन किया, उसकी मौत हो गई।
  • 09 अगस्त से पहले सीएमओ ने गठित की थी डॉक्टरों की चार सदस्यीय टीम, नतीजा शून्य।
  • 18 अगस्त को सीएमओ ऑफिस में जांच टीम ने मृतक नंदिता के पति आलोक दीक्षित के बयान लिए।


वरदान नर्सिंग होम में नंदिता उर्फ शिल्पी की मौत मामले में हमारी चार सदस्यीय टीम जांच कर रही है। जांच निश्चित अवधि पांच दिनों में पूरी नहीं हो पाई तो क्या, कमेटी अपने हिसाब से जांच कर रिपोर्ट देगी।-डॉ.कुलदीप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: न धूप की चिंता, न पांव के छालों की फिक्र, जुबां पर भोले ही भोले

संबंधित समाचार