Hardoi Video - जलभराव बना मुसीबत, किराये पर ट्रैक्टर लेकर मेहमानों को सड़क तक छोड़ने को मजबूर हैं मेजबान
हरदोई देहात ग्राम पंचायत के शंकरबक्श पुरवा का हाल
हरदोई, अमृत विचार। घर के सामने भरे हुए बरसाती गंदे पानी को टक्कर देने के लिए ट्रैक्टर का सहारा लिया जा रहा है। दरअसल मामला शहर के बिल्कुल बगल में शंकरबक्श पुरवा का है, वहां शादी के रिश्ते के लिए मेहमानों को आना था, चूंकि जिस घर में मेहमानों को पहुंचना था, वहां से तकरीबन 120 फिट के रास्ते में बरसात का पानी भरा हुआ है, लेकिन कैसे न कैसै वहां मेहमानों को पहुंचना ही था,इस लिए मेज़बान ने किराए पर ट्रैक्टर मंगाया,तब कहीं मेहमान मेज़बान के घर पहुंच सके।
बताया जा रहा है कि रविवार को मल्लावां के कुछ मेहमान हरदोई देहात ग्राम पंचायत के शंकरबक्श पुरवा के रहने वाले विनोद कुमार के घर शादी के रिश्ते के लिए आने वाले थे। लेकिन विनोद के घर तक करीब 120 फिट के रास्ते में बरसात का पानी भरा हुआ था। ऐसे में मेहमान घर तक कैसे पहुंचे ? बस यही सवाल विनोद को परेशान कर रहा था। तभी किसी ने सुझाव दिया कि क्यों न ट्रैक्टर से दुश्वार रास्ता पार करा दिया जाए। विनोद को सुझाव अच्छा लगा और उसने किराए पर ट्रैक्टर मंगाया और फिर मेहमानों को उसी ट्रैक्टर से घर तक पहुंचाया और खातिरदारी करने के बाद उसी से उन्हें वापस भी भेजा गया।
लोगों का कहना है कि माना अगर किसी के पास इतने पैसे न हों कि वह ट्रैक्टर किराए पर मंगा सके,तो उसके यहां कौन शादी का रिश्ता ले कर पहुंचेगा ? जैसा कि शंकरबक्श पुरवा के लोगों का कहना है कि उन्होंने सड़क बनवाने के लिए काफी दौड़-भाग की, लेकिन किसी के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। जो हाल पहले था अब तो उससे भी बद्तर हाल है।
चुनाव बहिष्कार का ले सकते हैं फैसला
मिनी विधानसभा कही जाने वाली हरदोई देहात ग्राम पंचायत के शंकरबक्श पुरवा के परेशान हाल लोग आने वाले लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने का फैसला ले सकते हैं। चूंकि उनका कहना है कि जब कोई जनप्रतिनिधि उनकी सुनेगा नहीं,तो फिर वे जनप्रतिनिधि को चुनें क्यों, इससे अच्छा होगा कि चुनाव का बहिष्कार ही कर दें।
हरदोई में जलभराव बना मुसीबत, किराये पर ट्रैक्टर लेकर मेहमानों को छोड़ने को मजबूर हैं लोग pic.twitter.com/rIrXtlBvlK
— amrit vichar (@amritvicharlko) August 27, 2023
ये भी पढ़ें -हरदोई : अलग-अलग हादसों में महिला और किशोर की डूबने से मौत
