AMA News : अब सरकारी अस्पतालों में मरीज देखेंगे शहर के कई नामी चिकित्सक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज, अमृत विचार। नगर के निजी प्रसिद्ध विशेषज्ञ चिकित्सक अब सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क मरीज देखेंगे। सीएमओ प्रयागराज की पहल पर इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन ने यह निर्णय लिया है। इससे गरीब आम जनता को गंभीर रोगों में बहुत राहत मिलेगी। 
   
पहली बार प्रयागराज के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशु पांडेय की ओर से एक पहल शुरू की गई है। सीएमओ के प्रस्ताव को इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन ने स्वीकार करते हुए निर्णय लिया है कि अब रविवार को अलग-अलग सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर प्राइवेट चिकित्सक मरीजों का इलाज करेंगे। इसी के तहत रविवार को शहर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कीडगंज में वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सक सामान्य तरीके से मरीजों का परीक्षण कर उन्हें उचित सलाह दी। 

जाने माने चिकित्सक डॉ. सुबोध जैन, सर्जन डॉ. अशोक अग्रवाल, डॉ. सुजीत सिंह, श्वांस रोग विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष गुप्ता निशुल्क रूप से मरीजों का इलाज कर उन्हें परामर्श भी दिए। कमला नेहरू क्षेत्रीय कैंसर अस्पताल के कैंसर रोग विशेषज्ञ भी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों का इलाज करेंगे। पहले दिन कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. सपन श्रीवास्तव हंडिया के टेला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों का इलाज करने पहुंचे। 

सीएमओ डॉ. आशु पांडेय ने बताया कि प्रत्येक रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेला का आयोजन सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर हो रहा है। इसमें अब शहर के स्पेशलिस्ट और सुपर स्पेशलिस्ट प्राइवेट डॉक्टरों की भी सहभागिता होगी। जिन डाक्टरों तक आर्थिक रूप से अक्षम मरीज नहीं पहुंच सकता है, उन्हें अब सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर आसानी से वही डॉक्टर उपलब्ध मिलेंगे। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सुबोध जैन ने बताया कि एएमए की ओर से "आओ गांव चलें" अभियान के तहत हम लोग पहले भी गांवों में जाकर मरीजों का इलाज करते थे। अब सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर एसोसिएशन के डॉक्टर जाकर मरीजों का इलाज करेंगे। एसोसिएशन के सचिव डॉ. आशुतोष गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर प्राइवेट डॉक्टर बिना किसी फीस के मरीजों का इलाज करेंगे।

ये भी पढ़ें -मदुरै ट्रेन हादसा : लखनऊ लाए गए मृतकों के शव, डिप्टी सीएम भी रहे मौजूद

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज