बलरामपुर: दलितों की पिटाई के आरोप में भाजपा विधायक के भतीजे समेत 12 अन्‍य के खिलाफ के दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में तुलसीपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक कैलाश नाथ शुक्ला के भतीजे समेत 12 अन्‍य लोगों के खिलाफ दलितों की पिटाई करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तुलसीपुर पुलिस ने विधायक के भतीजे सोनू शुक्ला और अन्य के खिलाफ रविवार को दलितों की पिटाई करने, लूटपाट और अनुसूचित जाति/जनजाति (एससी/एसटी) अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की।

 पुलिस अधीक्षक (एसपी) केशव कुमार के मुताबिक, करीब एक महीने पुरानी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें शुक्ला अन्य लोगों के साथ तहसील गेट के पास कुछ लोगों को डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में सेखुईकलां निवासी राकेश की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 
भाजपा विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने कहा, “कुछ लोग हमारी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। घटना वाली रात कुछ लोग शराब के नशे में मेरे भतीजे सोनू शुक्ला की दुकान में घुस आए और वहां मौजूद कर्मचारी से मारपीट करने लगे।” शुक्ला ने कहा, “घटना की सूचना मिलने पर सोनू शुक्ला मौके पर पहुंचा और कर्मचारी को हमलावरों से बचाया। उसने 112 (आपातकालीन प्रतिक्रिया नंबर) पर पुलिस को सूचना भी दी। मामले में झूठे आरोप लगाकर मुझे और मेरे परिवार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।” 

यह भी पढ़ें:-Video: स्वामी प्रसाद मौर्य ने दिया विवादित बयान, कहा- हिंदू धर्म केवल धोखा है, ब्राह्मणवाद की जड़ें काफी गहरी हैं...

संबंधित समाचार