बरेली: लो वोल्टेज व ट्रिपिंग की समस्या से शहरवासी परेशान
बरेली, अमृत विचार। गर्मी का प्रकोप बढते ही बिजली की आंख मिचौली शुरू हो गई है। जरा सी फाल्ट के बाद शहर में ट्रिपिंग होने से बिजली कटौती शुरू हो जाती है। लोग बिजली कटौती जानने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन करते हैं मगर उनका फोन नहीं उठने से लोगों का बिजली विभाग …
बरेली, अमृत विचार। गर्मी का प्रकोप बढते ही बिजली की आंख मिचौली शुरू हो गई है। जरा सी फाल्ट के बाद शहर में ट्रिपिंग होने से बिजली कटौती शुरू हो जाती है। लोग बिजली कटौती जानने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन करते हैं मगर उनका फोन नहीं उठने से लोगों का बिजली विभाग के खिलाफ अक्रोश बढ़ता ही जा रहा है।
प्रदेश सरकार दावा कर रही है कि शहर में 24 घंटे और देहात के इलाकों में करीब 18 घंटे बिजली मिल रही है। मगर हकीकत इससे कोसो दूर है। ट्रांसफार्मर पर क्षमता से अधिक लोड होने से आए दिन फाल्ट की घटनाओं से बिजली का हाल बेहाल हो गया है। जरा से फाल्ट को ठीक करने में विभाग कई घंटे का समय लगा दे रहा है।
शहर के सिविल लाइंस, चौपुला, सुभाषनगर, कोहाड़ापीर, बानखाना, कुतुबखाना, प्रेमनगर, हरुनगला सबस्टेशन के अंर्तगत आने वाली सेटेलाइट, जोगी नवादा, पटेल विहार, फाइक इंक्लेब, जगतपुर, डेलापीर, सनसिटी, कर्मचारीनगर, सीबीगंज, नकटिया आदि क्षेत्रों में दिन में कई बार ट्रिपिंग होने से लोगों को गर्मी की वजह से हाल बेहाल हो जाता है।
सुबह-सुबह बिजली न होने से आफिस जाने वाले कर्मचारियों की दिनचर्या पर भी इसका असर पड़ता है। गुरुवार की सुबह गांधीनगर में कई घंटे तक बिजली न आने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सांसद के गांव में भी भरपूर नहीं मिल रही बिजली
सासंद धर्मेन्द्र कश्यप के गांव काधंरपुर में भरपूर बिजली न मिलने से लोग बेहाल है। गांव वालों ने बताया कि 24 घंटे में करीब सात से आठ घंटे की बिजली कटौती की जा रही है। जबकि कई बार सांसद और उनके मीडिया प्रभारी बिजली विभाग के अधिकारियों से भरपूर बिजली न मिलने की शिकायत दर्ज करा चुके हैं। मगर उसके बाद भी अधिकारी उसमें बदलाव नहीं कर पा रहे हैं।
शहर में जमकर हो रही बिजली चोरी
शहर में बिजली कर्मचारियों की मिलीभगत से खुलेआम बिजली चोरी की जा रही है। सब कुछ जानने के बाद भी अधिकारी और कर्मचारी बिजली चोरों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। कुतुबखाना चौराहे से कोहाड़ापीर की तरफ जाने वाली सड़क पर दुकानदारों ने बिजली की लाइन में कटिया डालकर जमकर बिजली चोरी कर रहे हैं।
जबकि शहर में आए दिन चेकिंग अभियान चलाकर बिजली चोरों पर कार्रवाई की जा रही है। मगर चर्चा है कि कटिया डालकर बिजली चोरी करने वाले दुकानदारों ने कर्मचारियों से सैटिंग कर रखी है। इस वजह से उन पर अभी तक कार्रवाई नहीं की गई है। एसई शहर नंद किशोर मिश्र ने बताया कि इस मामले की जानकारी नहीं है। अगर कटिया डालकर बिजली की चोरी की जा रही है। तो उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई कराई जाएगी।
कटे कनेक्शन पर जला रहे बिजली, रिपोर्ट दर्ज
कटे हुए कनेक्शन पर केबिल डालकर बिजली जला रहे लोगों को बिजली विभाग ने सुबह छापा मारकर रंगे हाथ पकड़ लिया। बकाया बिल वसूली और बिजली चोरों के खिलाफ बिजली विभाग और विजिलेंस की टीमे संयुक्त छापेमारी अभियान चला रही है।
गुरुवार सुबह बिजली विभाग की टीम ने जोगीनवादा में छापा मारकर कटे हुए कनेक्शन और कटिया डालकर बिजली जला रहे लोगों को रंगे हाथ पकड़ लिया। विभाग की ओर से बिजली चोरी कर रहे 12 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। सुबह-सुबह हुई छापेमारी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। एक्सईन हरूनगला अनिल कुमार गर्ग ने बताया कि छापेमारी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
