लीबिया की विदेश मंत्री की इजराइली विदेश मंत्री से मुलाकात, देश में मचा बवाल.... फिर Najla Mangoush निलंबित
काहिरा। लीबिया के प्रतिद्वंद्वी प्रधानमंत्रियों में से एक अब्दुल हामिद दबीबा ने सोमवार को कहा कि उन्होंने विदेश मंत्री नाजला मंगौश को निलंबित कर दिया है। निलंबन की यह कार्रवाई ऐसे समय की गई है जब एक दिन पहले ही इजराइल ने दावा किया था कि उसके विदेश मंत्री एली कोहेन ने पिछले सप्ताह मंगौश से मुलाकात की। शीर्ष इजराइली राजनयिक और मंगौश के बीच मुलाकात को लेकर लीबिया की सड़कों पर प्रदर्शन किये गए।
लीबिया की राजधानी त्रिपोली में राष्ट्रीय एकता सरकार का नेतृत्व करने वाले दबीबा ने मंगौश और इजराइली नेता के बीच मुलाकात की जांच का आदेश दिया है। इजराइल के विदेश मंत्री एली कोहेन और मंगौश ने पिछले सप्ताह रोम में मुलाकात की थी। कोहेन ने कहा कि उन्होंने लीबिया के पूर्व यहूदी समुदाय की धरोहर को संरक्षित करने के महत्व पर चर्चा की, जिसमें उपासना स्थलों और कब्रिस्तानों की मरम्मत भी शामिल है।
इजराइल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, बातचीत में मानवीय मुद्दों, कृषि और जल प्रबंधन के लिए संभावित इजराइली सहायता पर भी चर्चा हुई। इस बीच, लीबिया के विदेश मंत्रालय ने इस बैठक को अधिक तवज्जो नहीं देते हुए इसे "इटली के विदेश मंत्री के साथ बैठक के दौरान बिना तैयारी के एक अनौपचारिक बैठक" बताया। उसने एक बयान में कहा कि कोहेन के साथ मंगौश की मुलाकात में "कोई बातचीत, समझौता या परामर्श" शामिल नहीं था।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: दवा लेने गई महिला की सड़क में हादसे में मौत, मायके वाले बोले- हादसा नहीं बल्कि हत्या
