बरेली: कम कीमत पर संपत्ति दिलाने का झांसा देकर तीन लाख ठगे, रिपोर्ट दर्ज
बरेली, अमृत विचार। किला पुलिस ने कम कीमत पर संपत्ति दिलाने का झांसा देकर ठगी करने के मामले में कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फतेहगंज पश्चिमी के गांव सिरसा जागीर निवासी मुकेश कुमार ने किला पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अप्रैल में एक अस्पताल में सिविल लाइंस निवासी हुनक बीराम से उनकी मुलाकात हुई।
उसने बताया कि वह एक स्कूल में प्रधानाचार्य रहा है। जमीन खरीद-फरोख्त का काम करता है। उसने एक संपत्ति कम कीमत पर दिलाने का झांसा दिया। कुछ दिन बाद हुनक बीराम ने बताया कि रॉकी नाम का हॉस्टल कम कीमत पर बिक रहा है। बताया कि वह इस संपत्ति का का इंचार्ज है।
मुकेश ने बताया कि बातों में आकर उन्होंने तीन लाख रुपये दे दिए। कुछ दिन बाद इकरारनामा कराने की बात कहते हुए दो लाख रुपये और मांगे। इस पर उन्होंने मना कर दिया, जब रुपये वापस मांगे तो आरोपी गाली गलौज करने लगा। कोर्ट के आदेश पर किला पुलिस ने हुनक बी राम समेत तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
यह भी पढ़ें- बरेली: ट्रेजरी में पांच घंटे फिर ठप रही इंटरनेट सेवा, कार्य प्रभावित
