Farrukhabad: वह गिड़गिड़ा कर गलती पूछता रहा… सांसद फोन पर जेई को बराबर गाली देते रहे, ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्रुखाबाद में सांसद ने जेई को फोन कर की गाली-गलौज।

फर्रुखाबाद में सांसद ने जेई को फोन कर गाली-गलौज की। जिसका ऑडियो बनाकर जेई ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि अमृत विचार डॉट कॉम वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। अमृतपुर बिजली घर में तैनात जेई होरी लाल को गाली-गलौज करते सांसद मुकेश राजपूत का ऑडियो वायरल हुआ है। जेई का आरोप है कि सांसद ने गाली देने के बाद उसे जान से मरवा देने की धमकी भी दी। हालांकि अमृत विचार डॉट कॉम वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है। 

जेई का कहना है कि सांसद ट्रांसफार्मर चोरी का मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे थे। उधर, सांसद मुकेश राजपूत का कहना है कि जेई को सुविधा शुल्क न देने पर उसने गरीब किसानों को ट्रांसफार्मर चोरी के झूठे मुकदमे में फंसा दिया है।

जेई होरी लाल ने बताया कि 19 जुलाई को ग्राम बसोला से ट्रांसफार्मर चोरी हो गया था। इसकी सूचना वहां के ग्राम प्रधान रमाशंकर ने दी। ग्राम प्रधान ने जेई को बताया कि कुछ कोतवाली क़ायमगंज अंतर्गत आने वाले शाहजहांपुर के लोग नाव से ट्रांसफार्मर चुरा कर ले गए है। इस पर उन्होंने क़ायमगंज कोतवाली में ट्रांसफार्मर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

जेई होरी लाल ने बताया कि मंगलवार को सांसद मुकेश राजपूत ने फोन कर कहा कि ट्रांसफॉर्मर वहां लगा दिया गया है। तुम मुकदमा वापस ले लो। उनके मना करने पर सांसद ने उसे मां-बहन की गालियां दीं। इतना ही नहीं, सांसद ने जान से मरवा देने की धमकी भी दी।

इस पर जेई ने सांसद का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जेई का आरोप है कि वह गिड़गिड़ा कर अपनी गलती पूछता रहा और सांसद उसे गाली गलौज कर जान से मरवा देने की धमकी देते रहे।

सांसद मुकेश राजपूत का कहना है कि यह ट्रांसफार्मर फुंक गया था। वहां के लोगों ने जब जेई से ट्रांसफार्मर बदलने की बात कही तो इसने छह हजार रुपये मांगे। गांव वाले उनके पास आये। उस समय सदन चल रहा था। सदन समाप्त होने के बाद जब वह बापस आये तो जेई होरी लाल से इस सम्बंध में कई बार कहा। जेई होरी लाल ने  लोगों के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी।

सांसद मुकेश राजपूत का कहना है कि इस सम्बंध में उन्होंने बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता से बात की उन्हें बताया कि गांव वालों ने ट्रांफार्मर ठीक करा कर लगा लिया है। अधिशासी अभियंता ने भरोसा दिया कि वह मामले को ठीक करवा देंगे। सांसद मुकेश राजपूत का कहना है कि गांव वालों से पुलिस भी रुपये मांगने लगी। जेई होरी लाल ने निर्दोश गांव वालों को चोरी के झूठे मुकदमे में फंसा दिया।

पीड़ित पक्ष उनके पास कई बार आया। उनकी बात जेई को बताई लेकिन जेई रुपये लेने पर अड़ा रहा। मंगलवार को गांव वालों की समस्या पर जब जेई होरी लाल से बात की गई तो वह अभद्रता पर उतारू हो गया। उसने ऑडियो बना कर वायरल कर दिया।

जेई को जान से मारने की धमकी नहीं दी गई। उसे जनता का काम करने की हिदायत दी गई है। जेई की इस तरह की और शिकायतें आ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जनता का हित सर्वोपरि मान कर जेई से बात गई। अपना कारनामा छिपाने के लिए वह झूठा आरोप लगा रहा है।

संबंधित समाचार