शाहजहांपुर: पिता की लाइसेंसी बंदूक से युवती ने मारी गोली
रौसरकोठी/शाहजहांपुर, अमृत विचार। बांडीगांव में एक युवती ने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। गोली की आवाज सुनकर परिवार वाले कमरे में गए और उसे खून से लथपथ पाया।
घायल युवती को मेडिकल कालेज लाया गया। उसकी हालत गंभीर होने पर लखनऊ मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। घटना का कारण घरेलू विवाद बताया जाता है। रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र के गांव बांडीगांव निवासी धमेंद्र कुमार एडीएम आर के अर्दली है।
उनकी 21 वर्षीय बेटी अर्चना वर्मा ने मंगलवार को दिन में 11 बजे घर में रखी पिता की लाइसेंसी बंदूक से कमरे के अंदर खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। उसके गोली पेट में साइड में लगी है। गोली लगने पर अर्चना कमरे में गिर गई।
गोली की आवाज सुनकर परिवार वाले कमरे में गए तो देखा कि अर्चना कमरे में खून से लथपथ पड़ी हुई थी और बंदूक पड़ोस में पड़ी थी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और परिवार वालों से जानकारी की। पुलिस ने घायल युवती को परिवार वालों के साथ जिला अस्पताल भेज दिया।
जहां डाक्टर ने युवती को देखने के बाद लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। घायल की बहन ने बताया कि उसकी बहन का चाची से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उसकी बहन को अपशब्द बोले थे। घटना की सूचना पर सीओ सिटी वीएस वीर कुमार सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। परिवार वालों से जानकारी की। सीओ सिटी ने घरेलू विवाद बताया जाता है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बंदूक को कब्जे में ले लिया है।
