प्रयागराज : बेटी की शादी का सामान खरीदने जा रहे दंपती की हादसे में मौत
प्रयागराज, अमृत विचार। कीडगंज थाना क्षेत्र स्थित बांगड़ धर्मशाला के पास मंगलवार को अनियंत्रित डंपर की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत हो गयी। दंपती अपनी बेटी की होने वाली शादी के लिए शहर सामान खरीदने के लिए जा रहे थे। हादसे की जानकरी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। कीडगंज पुलिस का कहना है कि डंपर का कब्जे में ले लिया गया है चालक की तलाश की जा रही है।
हंडिया थाना क्षेत्र के बींदा गांव निवासी आकाश त्रिपाठी 50 पुत्र कुंदलाल त्रिपाठी प्राइवेट चालक थे। उनकी बेटी दीप शिखा की अगले माह शादी होनी है। अयोध्या से बारात आनी है। इसके लिए वह मंगलवार को अपनी 45 वर्षीय पत्नी निशा देवी को बाइक से लेकर शहर सामान खरीदने के लिए जा रहे थे। वह जैसे ही कीडगंज थाना क्षेत्र की ओर नैनी की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने बांगड़ धर्मशाला के पास उनको कुचल दिया। हादसे में वह गंभीर रुप से घायल हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया जहां डाक्टरों ने पहले आकाश त्रिपाठी को मृत घोषित किया इसके कुछ देर बाद की मृतक की पत्नी निशा देवी की मौत हो गयी।
पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। शादी वाले घर में मातम छा गया। दंपती के चार बेटी एवं एक बेटा अनाथ हो गये। कीडगंज थाना प्रभारी अनिल भगत ने बताया कि हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हुई है। डंपर को कब्जे में ले लिया गया है चालक की तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें -भारत सम्पूर्ण दुनिया का मार्गदर्शन करने की ओर अग्रसर : स्वामी विज्ञानानंद
