शाहजहांपुर: लाठीचार्ज के विरोध में अधिवक्ताओं का कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन
हापुड़ की घटना पर जताया आक्रोश
शाहजहांपुर, अमृत विचार। हापुड़ की घटना को लेकर अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर लाठीचार्ज की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ताओं ने घटना पर आक्रोश जताते हुए दोबारा ऐसा न हो इसकी व्यवस्था करने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एडीएम वित्त डॉ. सुरेश कुमार को सौंपा।
बुधवार सुबह अधिवक्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। अधिवक्ता डीएम उमेश प्रताप सिंह को ज्ञापन देने के लिए आगे बढ़ रहे थे। इसी बीच मौके पर पुलिस कर्मी आ गए। पुलिस कर्मियों ने अधिवक्तों से जानकारी ली। अधिवक्ताओं ने बताया कि मंगलवार को हापुड़ में महिला अधिवक्ता समेत तीन लोगों पर सिपाही की ओर से एफआईआर दर्ज कराने के विरोध में वकीलों ने मंगलवार को हापुड़ तहसील में प्रदर्शन हुआ था। यहां बर्बता दिखाते हुए पुलिस ने वकीलों पर लाठीचार्ज कर दिया।
इसमें करीब 30 वकील घायल हो गए। वकील पर लाठीचार्ज से पूरे यूपी के वकील आक्रोशित हो गए। वकीलों ने दोषी पुलिसवालों को सस्पेंड करने की मांग की है। बताया कि तीन दिन पहले एक महिला अधिवक्ता और सिपाही के बीच विवाद हो गया था। इस मामले का वीडियो भी वायरल हुआ था। पुलिस ने महिला अधिवक्ता और उनके पिता व एक अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
कलेक्ट्रेट में पुलिस कर्मी और अधिवक्ताओं के बीच वार्ता चल रही थी कि इसी बीच एडीएम वित्त मौके पर पहुंच गए और उन्होंने अधिवक्ताओं से ज्ञापन लिया। सेंट्रल बार एसोसिएशन की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि हापुड़ के अधिवक्ताओं पर पुलिस- प्रशासन की ओर से किए गए बर्बर लाठीचार्ज से अधिवक्ताओं में रोष है।
सभी अधिवक्ता घटना की घोर निंदा व भर्त्सना करते हैं। अधिवक्ताओं ने उत्तर प्रदेश शासन से मांग करते हुए कहा कि हापुड़ की घटना की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषी पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। लाठीचार्ज में घायल हुए अधिवक्ताओं को मुआवजा दिलाया जाए।
ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिये प्रभावी कदम उठाए जाएं ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। इस दौरान सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजेश कुमार वैश्य, महासचिव सुधीर कुमार पांडेय, अक्षय प्रताप, सूरज प्रताप, अभिषेक मिश्र, संदीप मिश्र, अर्पित सिंह, गरिमा तिवारी, पूजा आदि रहे।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, भाई की मौत...बहन घायल
