बरेली: रक्षाबंधन...आज भी लागू रहेगा रूट डायवर्जन, चौपुला पर बदायूं से नहीं आएंगे वाहन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। रक्षाबंधन पर बुधवार सुबह 6 बजे से बृहस्पतिवार रात 11 बजे तक शहर की अंदरूनी और बाहरी सड़कों के साथ प्रमुख चौराहों के लिए ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। लखनऊ, दिल्ली और आगरा जाने वाली बसों का रूट भी बदला गया है।

शहर के अंदर रूट डायवर्जन के तहत पुराने बस अड्डे से रोडवेज बसें और छोटे वाहन पटेल चौक, चौकी चौराहा, बियावानी कोठी, मालियों की पुलिया, सेटेलाइट होकर जाएंगे। लखनऊ की ओर बसें सेटेलाइट से बड़ा बाईपास होते हुए निकलेंगी। रामपुर की ओर से बसें और चार पहिया वाहन मिनी बाईपास से इज्जतनगर, डेलापीर, ईंट पजाया, गांधी उद्यान, बिजलीघर तिराहा, कैंट, लालफाटक से होते हुए जाएंगे। बदायूं से आने वाले वाहन रामगंगा से बुखारा, लालफाटक, कैंट, बिजलीघर तिराहा, गांधी उद्यान, ईंट पजाया, डेलापीर, इज्जतनगर से मिनी बाईपास होते हुए जाएंगे।

चौपला ओवरब्रिज पर बदायूं की ओर जाने वाले भारी वाहन, बस और चार पहिया वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। सेटेलाइट चौराहे पर पीलीभीत रोड, शाहजहांपुर की ओर से कोई भारी वाहन शहर में नहीं आएगा। चौकी चौराहे से कोई बस चौपुला चौराहे होते हुए सिटी स्टेशन की तरफ नहीं जाएगी और सेटेलाइट तिराहे से निकलेंगी। 

मिनी बाईपास पर रामपुर-मुरादाबाद की ओर से भारी वाहन शहर में नहीं आएंगे बल्कि मिनी बाईपास तिराहे से इज्जतनगर रेलवे स्टेशन तिराहा होते हुए डेलापीर होकर जाएंगे। इज्जतनगर स्टेशन तिराहे और डेलापीर से भी भारी वाहन शहर में नहीं आएंगे। रामगंगा तिराहे से बदायूं की ओर से कोई भारी वाहन सुभाषनगर रोड पर नहीं आएगा। उसे तिराहे से बुखारा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

ईंट पजाया तिराहे पर कोई बस या चार पहिया वाहन थाना प्रेमनगर की तरफ नहीं जाएगा। गांधी उद्यान से भारी वाहन चौकी चौराहे की तरफ नहीं आएंगे। चौकी चौराहे पर बस, चार पहिया वाहन दूल्हे मियां की मजार की तरफ नहीं जाएंगे। चौपला पुल से भारी वाहन सिटी स्टेशन की तरफ नहीं जाएंगे।

यह भी पढ़ें- बरेली: 14 घरों में बिजली चोरी पकड़ी, दो सौ से ज्यादा काटे कनेक्शन

 

संबंधित समाचार