हल्द्वानी: बारिश थमी, अभी भी जिले के 4 ग्रामीण मार्ग बंद
हल्द्वानी, अमृत विचार। बारिश बंद हुए एक सप्ताह बीतने को है लेकिन जिले के 4 ग्रामीण मार्ग अभी भी बंद हैं। इन मार्गों के बंद होने से सैकड़ों गांव का संपर्क मुख्यालय से कट गया है। कार्यदायी संस्थाओं का दावा है कि तीन मार्गों में आज और शेष एक मार्ग में 8 सितंबर तक यातायात सुचारू हो जाएगा।
आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, नैनीताल जिले में अभी भी 4 ग्रामीण मार्ग बंद हैं। इनमें नैनीताल में राजभवन-ईस्ट लेगन रोड बीती 6 जुलाई से बंद है। प्रांतीय खंड नैनीताल डिवीजन इस मार्ग को बनाने में जुटी हुई है। संभावना जताई जा रही है कि 1 सितंबर तक मार्ग पर यातयात फिर से सुचारू होगा।
वहीं फतेहपुर बेल बसानी बीती 1 अगस्त से बंद है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना ज्योलीकोट डिवीजन इसको सुचारू करने में जुटी हुई है। इसकी भी कल सुचारू होने की संभावना है। देवीपुरा-सौड़-बाधनी मार्ग बीती 10 अगस्त से बंद है। पीएमजीएसवाई की हल्द्वानी डिवीजन इस मार्ग को खोलने में जुटी हुई है।
इस मार्ग की भी कल तक शुरू होने की संभावना है। बारिश और मलबा आने से डोला न्याय पंचायत संपर्क मार्ग बीती 26 अगस्त से बंद है। निर्माण खंड रामनगर डिवीजन इस मार्ग को खोलने में जुटी हुई है। संभावना है कि 8 सितंबर तक इस मार्ग को यातायात के लिए सुचारू कर दिया जाएगा।
सिर्फ मुक्तेश्वर में हुई बारिश
जिला आपदा प्रबंधन के अनुसार 30-31 अगस्त के बीच सिर्फ मुक्तेश्वर ही में 14 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा कहीं भी बारिश नहीं हुई। बारिश थमने के बाद गौला नदी का डिस्चार्ज 684, कोसी को 1252 और नंधौर नदी का 1695 क्यूसेक रहा।
