बांदा: समूचे जिले में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन का त्योहार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर यात्रा को उमड़ी महिलाओं की भीड़

बांदा, अमृत विचार। भाई-बहन के प्रेम का पर्व रक्षाबंधन गुरुवार को पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर बहनों ने भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसके दीघार्यु होने की कामना की। इस मौके पर बाजार में राखी और मिठाई की सजी दुकानों में ‘हम बहनों के लिये मेरे भैया आता है एक दिन साल में और बहना ने भाई की कलाई में प्यार बांधा है प्यार के दो तार से संसार बांधा है’ जैसे बजते गीत ग्राहकों की भीड़ के बीच वातावरण में रस घोलते रहे।

भाई-बहन के पवित्र प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन उल्लास पूर्वक मनाया गया। बहनों ने भाई की कलाई पर राखी बांध दीर्घायु की कामना की। भाई की कलाई पर राखी बांधने के साथ ही रोली-चावल से तिलक किया। आरती उतारी और मुंह मीठा कराया। भाइयों ने बहनों को उपहार दिए और बहन की रक्षा का संकल्प लिया। माना जाता है कि भाई बहन के इस पवित्र त्योहार में कभी भी राखी बांधी जा सकती है, लेकिन ज्योतिष शास्त्र के अनुसार राखी मुहूर्त के अनुसार बांधनी चाहिए। 

भद्रा की काली छाया से बचने के लिये कुछ बहनों ने भद्रा समाप्ति के बाद रात में ही अपने भाइयों की कलाइयों पर राखियां बांध दीं, जबकि कुछ ने तड़के अपने भाइयों के माथे पर तिलकर कर रक्षा सूत्र बांधा। महेश्वरी देवी मंदिर चौक से लेकर बलखंडी नाका तक दर्जनों राखियों की दुकानें सजी हुई थीं। मिठाइयों की दुकानें तो उससे भी ज्यादा थीं। हर गली कूचे में मिठाइयां बिक रही थीं। 

इस बार मिठाइयां 300 रुपये से लेकर 600 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिकीं। बच्चों में रक्षाबंधन को लेकर खासा उत्साह रहा। नन्हे हाथों से भाई के राखी बांधी। सुबह से लेकर शाम तक मिठाई व राखियों की दुकानों पर भीड़ रही। शुभ मुहूर्त को लेकर इस बार खासा असमंजस रहा। कुछ लोगों ने अपनी सुविधा के मुताबिक राखी बांधकर त्योहार मनाया। 

विद्यार्थी परिषद ने कोतवाल व पुलिस कर्मियों को बांधी राखी
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की महिला पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंच कर कोतवाली निरीक्षक मनोज शुक्ला समेत अन्य पुलिस कर्मियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। इस मौके पर अमित दीक्षित,नीतीश निगम,दिव्यांशु मिश्रा,आशीष पांडेय, शिवा तिवारी,आयुषी त्रिपाठी,अनामिका कश्यप, कार्तिकेय गुप्ता, नीलम सिंह, अंकिता,  आदि उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: अखिलेश यादव को पीएम कैंडिडेट बनाने पर बोले केशव प्रसाद मौर्य, CM बन नहीं सकते, देख रहें PM का सपना

संबंधित समाचार