अयोध्या: रामलला के दर्शन के लिए देश भर में चलाया जाएगा अभियान
ट्रस्ट, आरएसएस व विहिप अभियान को लेकर तैयार कर रहा योजना, 15 फरवरी तक चलेगा दर्शन अभियान, कार्ययोजना लगभग फाइनल
अयोध्या, अमृत विचार। श्रीराम जन्मभूमि परिसर में बन रहे राम मंदिर में प्रस्तावित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस दौरान होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजनों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इसी बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट, विश्व हिन्दू परिषद व राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ संयुक्त रूप से देशभर में रामलला दर्शन अभियान चलाए जाने की योजना तैयार कर रही है। सभी 27 राज्यों को 40 इकाइयों ( प्रान्तों ) में बांट कर अलग-अलग तिथियों पर राम भक्तों को रामलला का दर्शन कराया जाएगा।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि रामलला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर तमाम सुझाव आ रहे हैं, उन पर विचार भी किया जा रहा है। खासतौर से यह चिंतन किया जा रहा है कि यदि कोई योजना बनती है तो उसे लाखों गांवों तक कैसे पहुंचाया जाए ? उन्होंने कहा कि इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद संगठन की बड़ी शक्ति लगेगी।
उन्होंने कहा वैसे अभी प्राथमिकता के तौर पर महोत्सव के समय भीड़ के ठहरने, भोजन और उनकी अन्य मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध कराने पर मंत्रणा की जा रही है। इसके लिए प्रशासन और रेल मंत्रालय भी अपनी योजनाओं को अंतिम रूप दे रहा है।
उन्होंने कहा देश भर के राम भक्तों से आग्रह किया जाएगा कि वह एक ही दिन अयोध्या ना पहुंचे और इसके लिए देश के 27 राज्यों को 40 प्रांतों में विभक्त किया गया है, उनके अलग-अलग तिथियां भी निर्धारित की जाएगी और निर्देश दिया जाएगा कि संबंधित राज्य अपने निर्धारित तिथि पर ही अयोध्या आए। ट्रस्ट महासचिव ने यह भी जानकारी दी कि अयोध्या आने वाले राम भक्तों के लिए संगठन 15 फरवरी तक की व्यवस्था करने को अंतिम रूप दे रहा है।
ये भी पढ़ें -हरदोई : तेज रफ्तार आल्टो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो घायल
