सीतापुर: बस की टक्कर से गर्भवती महिला समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, सीतापुर। मिश्रिख कोतवाली इलाके में तेज रफ्तार एक प्राइवेट बस ने दो बाइकों को पीछे से टक्कर मार दी है। हादसे में बाइक सवार गर्भवती महिला सहित दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। हादसा इतना भयावाह था कि गर्भवती के पेट में पल रहे करीब 8 माह के बच्चा भी बाहर आ गया। बस की टक्कर से बाइक सवार तीन अन्य लोगों सहित बस में सवार कई यात्रियों को भी चोटें आयी है।पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। 

जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम करमसेपुर के पास हरदोई जा रही प्राइवेट बस ने दो बाइक सवारों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान बाइक पर सवार रक्षांबधन का त्यौहार कर अपने मायके पिपरी रामकोट से लौट रही गर्भवती आरती पत्नी रामनरेश की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि उसकी बेटी मांशी निवासीगण बेनीगंज हरदोई व रिश्तेदार पिपरी निवासी शुभम पुत्र जगदीश गम्भीर रूप से घायल हो गया। 

वहीं दूसरी बाइक पर सवार बर्मी पार्क देखकर लौट रहे शिवा पुत्र शंकर निवासी हरसाहनी थाना नैमिषारण्य की मौत हो गई। जबकि उसका साथी गांव का ही सचिन पुत्र राम प्रकाश गम्भीर रूप से घायल हो गया। गम्भीर रूप से घायल हुए सभी को उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद भीड़ को मौके पर बढ़ता देखकर बस चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि बस को कब्जे में लेकर यात्रियों को रवाना कर दिया है और छानबीन शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें:-UP IAS Transfer: यूपी में कई आईएएस अफसरों के हुए तबादले, आलोक सिंह बने कानपुर देहात के डीएम

संबंधित समाचार