मुरादाबाद : रोस्टर में लिखते रहे फागिंग, महानगर से गांव तक डेंगू बेकाबू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मरीजों की संख्या बढ़कर हुई 88, दो नये चिह्नित, अस्पतालों में भरे मरीज, जांच रिपोर्ट तीन-चार दिन में

सूरजनगर में भरा पानी जिसके कारण बना हुआ है डेंगू का खतरा।

मुरादाबाद, अमृत विचार। डेंगू ने तेजी के साथ पैर पसार दिया है। शहर और देहात में हर दिन मरीज बढ़ रहे हैं। सरकारी और निजी अस्पतालों के आंकड़े इस बात के गवाह हैं। पैथोलाजी में जांच के लिए लंबी लाइन लग रही है। सच तो यह है कि महानगर के उच्च जोखिम क्षेत्र (हाई रिस्क एरिया) में न तो फागिंग हो रही है और न एंटी लार्वा का छिड़काव। हालांकि सरकार ने सयम रहते सतर्क किया था।

आरंभ में ग्रामीण क्षेत्र के बीजना में 25 डेंगू के मरीज सामने आए। अब महानगर और ग्रामीण क्षेत्रों में बुखार के मरीजों की संख्या से चिकित्सक और चिकित्साधिकारियों की चिंता बढ़ी हुई है। शुक्रवार को दो नये मरीज जांच में चिह्नित हुए। जिसमें एक ढकिया जट और दूसरा गणेशपुर देवी मुस्तहम का है। महानगर के नवाबपुरा, बंगलागांव में गंदगी से संक्रामक रोगी बढ़ रहे हैं। संचारी रोग नियंत्रण अभियान जिले में 1-31 जुलाई तक चला। लेकिन, कागजी खानापूर्ति के चलते न तो बुखार के रोगी कम हुए और डेंगू के मरीज। बुखार के 300 से अधिक मरीज हर दिन जिला अस्पताल की ओपीडी में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। वार्ड में भी 50 से अधिक भर्ती हैं। इनकी भी जांच कराई जा रही है कि इसमें डेंगू मलेरिया के मरीज तो नहीं हैं। 

उधर, शुक्रवार को नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबपुरा में ओपीडी में 40 मरीज आए। जिसमें बुखार के मरीजों में पांच का रक्त नमूना लेकर विडाल टेस्ट किया गया, रिपोर्ट निगेटिव आई। रैपिड किट से तीन मरीजों की डेंगू की जांच हुई। उनकी रिपोर्ट निगेटिव रही। अस्पताल की प्रमुख अधीक्षिका डॉ.संगीता गुप्ता का कहना है कि मरीजों की अधिक संख्या को देखते हुए 32 बेड का वार्ड बना रहे हैं। बताया कि इन दिनों 2000 से अधिक मरीज हर दिन ओपीडी में आ रहे हैं। फिजिशियन और बालरोग विशेषज्ञ के कक्ष में बुखार पीड़ितों की संख्या अधिक है। महानगर में सर्वे के आधार पर संवेदनशील क्षेत्र चिह्नित किए गए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी ने नगर आयुक्त को भेजकर महानगर के इन क्षेत्रों में फागिंग व एंटी लार्वा का छिड़काव कराने व जलभराव से निजात दिलाने के उपाय करने के लिए कहा है। 

यह हैं महानगर के संवेदनशील क्षेत्र: करूला, 23-पीएसी, कटघर, असालतपुरा, आशियाना फेज-1, किसरौल, लाल मस्जिद, लालबाग, लाइनपार, मकबरा, बंगलागांव, मुगलपुरा, बारादरी,  बरबलान,  नागफनी, नवीननगर, नवाबपुरा, बुद्धिविहार, पुलिस लाइंस, चक्कर की मिलक, चंद्रनगर, पंडित नगला, पीरजादा, सिविल लाइंस, पीटीसी, रामगंगा विहार, टीडीआई सिटी, सूरजनगर, दौलतबाग, तहसील स्कूल, दीवान का बाजार, गंगा मंदिर, डबल फाटक, गोविंदनगर, गलशहीद, हरथला, जामा मस्जिद, जयंतीपुर, कच्चाबाग, कचहरी, आजाद नगर, बैंक कालोनी, बुध बाजार, दिनदारपुरा, दीनदयाल नगर, डिप्टीगंज, एकता विहार, गुलाबबाड़ी, गुरहट्टी, हिमगिरि कॉलोनी, जामा मस्जिद, जिगर कॉलोनी, कांशीराम नगर, खुशहालपुर, कोतवाली, लाकड़ी, गागन तिराहा, मझोला, मालवीय नगर, मंडी चौक, मान सरोवर कॉलोनी, मिलन विहार, नया गांव, नया मुरादाबाद, पीतलनगरी है। 

सिविल लाइंस में 9 रोगी
महानगर में अब तक डेंगू के 24 मरीज जांच में चिह्नित हुए हैं। इसमें सर्वाधिक सिविल लाइंस क्षेत्र के 9 मरीज हैं। इसके अलावा कटार शहीद, अंबेडकर नगर, खुशहालपुर, नवाबपुरा, मऊ, बंगला गांव, दौलत बाग, कटरा पुराना जट, प्रकाश नगर, मंडी, कटघर में डेंगू के रोगी हैं।

यह हैं डेंगू के लक्षण
जिला मलेरिया अधिकारी पीएन यादव का कहना है कि डेंगू के लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर पर लाल चकत्ते और मांसपेशियों और जोड़ों का दर्द शामिल है। गंभीर स्थिति में रक्तस्राव और सदमे की स्थिति हो सकती है। आंखों के पिछले हिस्से, जोड़, पीठ, पेट, मांसपेशियों और हड्डियों में दर्द अधिक होता है। ठंड लगना, थकान, बुखार और भूख न लगना, उल्टी आने की भी स्थिति होती है।  

डेंगू से बचाव के लिए अपने आसपास पानी न जमा होने दें। फ्रिज की आइस ट्रे को खाली रखें, कूलर का पानी नियमित बदलें, छतों पर गमले, पुराने टायर और खाली बर्तन आदि को हटा दें जिससे बारिश का पानी न जमा होने पाए। एडीज मच्छर के लार्वा साफ पानी में पनपते हैं। -पीएन यादव, जिला मलेरिया अधिकारी

नगर निगम क्षेत्र में रोस्टर के अनुसार फागिंग होती है। जहां शिकायत मिल रही है वहां टीम भेजकर इसकी निगरानी भी करा रहे हैं। नगर निगम के सफाई निरीक्षकों को अपने क्षेत्र में विशेष नजर रखने को कहा है। -डॉ. संजीव बेलवाल, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी (डिप्टी सीएमओ)

ये भी पढ़ें : विद्यार्थियों व अभिभावकों के सहयोग से मिला सम्मान : सरिता चौहान

संबंधित समाचार