Kanpur Crime: जन्मदिन पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग, गोली लगने से युवक घायल, रीजेंसी अस्पताल में चल रहा इलाज
कानपुर में जन्मदिन पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग।
कानपुर में जन्मदिन पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना में युवक घायल हो गया। युवक का रीजेंसी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
कानपुर, अमृत विचार। कोहना थानाक्षेत्र के भैरोघाट पांपिंग स्टेशन के अंदर जन्मदिन पार्टी में हर्ष फायरिंग की गई। घटना में गोली लगने से युवक घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बता दें कि, मछली मंडी निवासी नीरज का शुक्रवार को जन्मदिन था। शुक्रवार रात में वह अपने आधा दर्जन दोस्तों के साथ भैरोघाट पंपिंग स्टेशन के अंदर पहुंचा। जहां सभी ने जन्मदिन की पार्टी में शराब पी। इसी दौरान दोस्तों ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। हर्ष फायरिंग की घटना में जिस युवक का जन्मदिन था। उसे ही गोली लग गई।
आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घायल युवक की हालत खतरे से बाहर है। मामले की जांच की जा रही है।
