हल्द्वानी: वर्ष 2025 तक उत्तराखंड में ही बनेगी वाइन : जोशी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया दावा, कृषि व उद्यान से जुड़ी कई योजनाओं की दी जानकारी

हल्द्वानी, अमृत विचार। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि जर्मनी और इजराल से फूड प्रोसेसिंग को लेकर वार्ता चल रही है। वर्ष 2025 तक उत्तराखंड के फलों से ही उत्तराखंड में ही वाइन बनाई जाएगी। 

शनिवार को सुभाष नगर में सामाजिक कार्यकर्ता परमजीत सिंह शंटी के आवास पर हुई प्रेस वार्ता में कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा कि नई एप्पल नीति में अगले 8 वर्षों में 800 करोड़ के निवेश का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि राज्य की परंपरागत फसल मड़ुवे को प्रोत्साहित करने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य 38.46 रुपये है जबकि गेहूं-चावल का मूल्य कम है।

पहाड़ का किसान गरीब नहीं हो और उसकी फसल साहूकार नहीं चट करें इसलिए सरकार ने स्वयं सहायता समूह के जरिए मड़ुवे की खरीद का लक्ष्य है। राज्य में 61 हजार स्वयं सहायता समूहों में 4.61 लाख महिलाएं कार्यरत हैं। ये महिलाएं किसानों के घर-घर जाकर एमएसपी पर मड़ुवा खरीदेंगे। इनके एवज में महिलाओं को 1.50 रुपये कमीशन दिया जाएगा।

इस तरह 1.25 लाख महिलाओं को लखपति बनाने और किसानों को फसल का दाम मुहैया कराने का लक्ष्य प्राप्त होगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री गार्डनिंग योजना भी शुरू की जा रही है। इसमें शुरुआत में तीन-तीन परिवारों को घरों पर ही गमलों में सब्जी उगाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि रामगढ़ में मंडी खोलने के लिए अधिकारियों को भूमि चिन्हीकरण के निर्देश दिए गए हैं जबकि नौगांव, उत्तरकाशी में काम शुरू हो गया है। इस दौरान नरेंद्र जीत सिंह रोडू, मनोज जोशी आदि मौजूद थे।

नैनीताल जिले के दोगांव में होगा चकबंदी का ट्रायल
कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा कि राज्य में चकबंदी की व्यवस्था नहीं है। नैनीताल जिले के दो गांव से चकबंदी का ट्रायल किया जाएगा। फिर धीरे-धीरे जिले, राज्य में यह व्यवस्था लागू होगी। इससे युवाओं को लाभ होगा और उन्हें रोजगार के लिए पलायन नहीं करना होगा।

चौखुटिया में विकसित करेंगे हॉर्टी टूरिज्म
जोशी ने कहा कि चौखुटिया में उद्यान विभाग का रिसर्च सेंटर है जो बदहाल पड़ा है। यहां हॉर्टी टूरिज्म विकसित करने के लिए 50 लाख रुपये से 8 ईको हट बनाई जाएंगी। इंस्टीट्यूट को फिर से रिवाइव किया जाएगा और युवाओं को ट्रेनिंग दी जाएगी ताकि  उन्हें रोजगार मिले। इस इंस्टीट्यूट के पहुंचने के लिए 3 किमी का वैकल्पिक मार्ग बनाया जाएगा ताकि पर्यटक पहुंच सकें। उम्मीद है कि 6 माह में इंस्टीट्यूट रिवाइव हो जाएगा।

5 वर्षों में हिमाचल से बेहतर सेब की होगी पैदावार
जोशी ने कहा कि वर्तमान में हर्षिल का सेब हिमाचल प्रदेश से बेहतर है। अगले पांच वर्षों में हिमाचल से बेहतर पैदावार का लक्ष्य है। अभी सिर्फ सी ग्रेड के सेब का सरकारी दाम तय होता है, जल्द ही ए और बी ग्रेड के सेब का भी दाम तय होगा। साथ ही यह प्रयास रहेगा कि अगले वर्ष काश्तकारों को हिमाचल से बारदाना नहीं मंगाना पड़े उन्हें यहीं समय से बारदाना दिया जाएगा।

बागेश्वर उप चुनाव जीतेगी भाजपा
कैबिनेट मंत्री ने दावा किया कि बागेश्वर उप चुनाव में जनता विकास को देखते हुए स्व. चंदन राम दास की पत्नी पार्वती दास को जीत दिलाएगी। उन्होंने कहा कि इतनी बार विधायक व मंत्री होने के बाद चंदन राम दास परिवार की कुल संपत्ति 2.50 करोड़ की है जबकि सामने वाले उम्मीदवार की 12 करोड़ है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि धन बल का इस्तेमाल कौन करेगा। फिलहाल सीएम धामी के नेतृत्व में बागेश्वर उप चुनाव भाजपा जीतेगी। 

संबंधित समाचार