Farrukhabad News : शिक्षामित्रों ने सांसद का घर घेरकर की नारेबाजी, बोले- सरकार कर रही सौतेला व्यवहार
फर्रुखाबाद मे शिक्षामित्रों ने सांसद मुकेश राजपूत का घर घेरा।
फर्रुखाबाद मे शिक्षामित्रों ने सांसद मुकेश राजपूत का घर घेरा। इस दौरान शिक्षामित्रों ने नारेबाजी कर सरकार पर सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। शिक्षा मित्रों ने रविवार को अपनी मांगों को लेकर सांसद मुकेश राजपूत के घर का घेराव कर लिया। शिक्षा मित्रों ने जमकर नारेबाजी की। बनारस की सरजमीं पर प्रधानमंत्री ने शिक्षा मित्रों को जो सुविधाएं देने की बात कही थी। उसकी याद दिलाई। शिक्षा मित्रों ने प्रधानमंत्री के नाम का संबोधित ज्ञापन सांसद मुकेश राजपूत को सौंपा।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मित्र संघ के बैनर तले शिक्षा मित्र नारेबाजी करते हुए भाजपा सांसद के ठंडी सड़क स्थिति आवास पहुंचे। उन्होंने भाजपा सांसद के घर का घेराव कर लिया और कहा कि सरकार शिक्षा मित्रों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। बनारस की धरती पर सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने शिक्षा मित्रों को भरोसा दिया था, कि शिक्षामित्रों के साथ अन्याय नही होने दिया जाएगा।
शिक्षा मित्र अध्यापकों के समान कार्य करते हैं। तो उन्हें भी समान बेतन दिया जाए। उनकी नौकरी की अवधि 62 साल की जाए। शिक्षा मित्रों का स्थायी समाधान न होने तक उनके मानदेय में बृद्धि की जाए। प्रधानमंत्री के नाम सांसद को सौपे गए ज्ञापन में शिक्षा मित्रों ने कहा कि दस हजार रुपये मान देय से शिक्षा मित्रों का भला नहीं होता। इतने कम मानदेय की बजह से ही शिक्षा मित्र आत्म हत्याएं कर रहे हैं।
ज्ञापन में कहा गया कि महिला शिक्षा मित्रों को उनके ससुराल के विधायलयो में पोस्टिंग दी जाए। पुरुष शिक्षा मित्रों को मूल विद्यालयों में भेजा जाए। अपनी मांगों को लेकर शिक्षामित्र काफी देर तक हंगामा करते रहे और सरकार को किए गए वादे की याद दिलाते रहे। हजारों की तादात में पहुंचे शिक्षा मित्रों ने सांसद का घर घेर लिया।
इस मौके पर सांसद मुकेश राजपूत ने शिक्षा मित्रों को भरोसा दिया कि उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा हर किसी की हितैषी है। इस मौके पर राम मोहन औदीच्य, नवनीत गंगवार, परवीन कटियार, ऋषिपाल यादव, राजेश यादव, रमेश यादव, विमल सिंह आदि शिक्षा मित्र मौजूद रहे।
