बरेली: बच्चों पर डायरिया और बुखार का हमला, एक बेड पर दो-दो बच्चे भर्ती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मौसम में हो रहे बदलाव के चलते एक बार फिर जिला अस्पताल स्थित बच्चा वार्ड हो गया फुल

बरेली,अमृत विचार : जिले में डायरिया और बुखार का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। इसकी चपेट में बड़ों के साथ बच्चे भी आ रहे हैं। सरकारी अस्पतालों के साथ निजी में भी मरीज पहुंच रहे हैं। यहां तक कि जिला अस्पताल में 26 बेड का बच्चा वार्ड फुल हो गया है। यहां 31 बच्चे भर्ती हैं, इसकी वजह से एक बेड पर दो-दो बच्चे भर्ती किए गए हैं।

ये भी पढ़ें - बरेली: आईएमए बिना चुनाव डॉ. गौरव सचिव... अध्यक्ष पद पर आमने-सामने के आसार

अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों की संख्या और बढ़ने पर वार्ड में बेड बढ़ाने की तैयारी की है। एडीएसआईसी डॉ. अलका शर्मा ने बताया कि भर्ती होने के साथ-साथ बच्चे स्वस्थ होकर डिस्चार्ज भी किए जा रहे हैं। अभी स्थिति काबू में है। भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर बेड भी बढ़ा सकते हैं।

रविवार सुबह से ही वार्ड में कई बच्चे भर्ती हुए। दोपहर तक 31 बच्चे भर्ती हुए, जिसमें 20 बच्चे बुखार और अन्य डायरिया से ग्रसित मिले हैं। वार्ड फुल होने के बाद बच्चे के पास एक से अधिक तीमारदार होने पर स्टाफ ने एडीएसआईसी से शिकायत भी की। जिस पर स्टाफ ने स्थानीय चौकी पुलिस के सहयोग से तीमारदारों को बाहर पड़ी कुर्सियों पर बैठने को कहा।

मलेरिया वार्ड भी हुआ फुल: जिले में बीते करीब दो महीने से डेंगू मलेरिया का प्रकोप भी तेजी से बढ़ रहा है। जिले में अब तक मलेरिया से ग्रसित मरीजों की संख्या 2000 से अधिक हो गई है। वहीं पिछले महीने तक जिला अस्पताल में बनाए गए 10 बेड का डेंगू मलेरिया वार्ड में सिर्फ 1 से 2 मरीज ही भर्ती हुए थे लेकिन रविवार को वार्ड में मरीजों से फुल हो गया है।

ये भी पढ़ें - बरेली: स्कूटी में टक्कर के बाद अपना दल के जिला सचिव का गला दबाया

संबंधित समाचार