हल्द्वानी: पहले पेंट किया, फिर साफ किया सेवानिवृत्त एसडीएम का घर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डेढ़ साल पहले जज फार्म में सेवानिवृत्त एसडीएम के घर पेंट करने वाले ने की थी लाखों की चोरी

हल्द्वानी, अमृत विचार। सेवानिवृत्त एसडीएम एसपीएस रावत के घर चोरी करने वाला एक पेंटर निकला। ये वो पेंटर है, जिसने करीब डेढ़ साल पहले उनके घर में पेंट किया था और इसी दरम्यान उसने पूरे घर की रेकी की। फिर मौका देख कर उसने वारदात को अंजाम दे डाला। पुलिस ने इस मामले में चोर को चोरी किए माल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। 
   

पुलिस बहुउद्देशीय भवन में मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि जजफार्म के सी-14 में रहने वाले 88 वर्षीय सेवानिवृत्त एसडीएम एसपीएस रावत यहां अपनी पत्नी सुशीला के साथ रहते हैं। बीती 28 अगस्त की रात दोनों अपने कमरे में सोए थे। तभी चोर चैनल में लगा ताला तोड़ कर अंदर दाखिल हुआ और सीधा रावत के कमरे में पहुंचा। उसे पता था कि जेवर और पैसे किस बक्से में रखे हैं।

उसे पास ही बक्से की चाबी मिली और उसने करीब 7 तोला सोने के जेवर व नगदी पार कर दी। इस मामले के खुलासे के लिए मुखानी पुलिस के साथ एसओजी भी काम कर रही थी। सीसीटीवी के जरिये पहले चोर की पहचान हुई और फिर पुलिस उसके घर तक पहुंच गई। जिसके पास से चोरी किया गया सारा जेवर और नगदी बरामद कर ली। पकड़ा गया आरोपी पंचशील कालोनी पीलीकोठी का रहने वाला है, जो सेवानिवृत्त एसडीएम के घर से महज 500 मीटर की दूरी पर है। खुलासे के दौरान एसपी सिटी हरबंस सिंह भी मौजूद रहे। 

पानी के पाइप में छिपाए थे लाखों के गहने
हल्द्वानी : घटना को अंजाम देने के बाद धर्मेंद्र सीधा अपने घर पहुंचा। चोरी का माल किसी को न मिले इसलिए उसने लाखों के जेवर एक पॉलीथिन में पैक किए और पानी के पाइप में छिपा दिए। उसने जो जेवर चोरी किए थे, उसमें सिर्फ एक पुखराज के पत्थर की कीमत ही एक लाख रुपये थी। चोरी किए गए गहनों में एक हीरे की अंगूठी के साथ सेवानिवृत्त एसडीएम की सास के पुश्तैनी जेवर भी थे। पुलिस ने धर्मेंद्र से चोरी किए गए एक हजार रुपये भी बरामद किए हैं। 

स्मैक की लत लगी और पेंटर से चोर बन गया
हल्द्वानी : बताया जाता है कि घर में पेंट करके धर्मेंद्र अच्छा खासा कमा लेता था, लेकिन कुछ समय पहले उसे स्मैक की लत लग गई। फिर वो स्मैक पीने के साथ बेचने भी लगा। ये इसलिए कि वो स्मैक खर्च उसकी बिक्री से निकाल सके। इसके चक्कर में उस पर आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस के दो केस भी दर्ज हुए। फिर इसी लत ने वर्ष 2020 में धर्मेंद्र से चोरी कराई और 6 महीने तक जेल में रहा, लेकिन स्मैक की लत नहीं छूटी। जिसके बाद उसने सेवानिवृत्त एसडीएम के घर में बड़ी चोरी का प्लान बनाया और फिर पकड़ा गया।  

गुडवर्क करने वाली टीम को 5 हजार का इनाम
हल्द्वानी : एसएसपी पंकज भट्ट ने चोरी का खुलासा करने वाली टीम को 5 हजार रुपये इनाम की घोषणा की है। गुडवर्क करने वाली पुलिस टीम में लामाचौड़ चौकी प्रभारी शिवेन्द्र सिंह नेगी, एसओजी प्रभारी राजवीर सिंह नेगी, एसआई दिनेश जोशी, कांस्टेबल उमेश राणा, धीरज सुगड़ा, चन्दन सिंह नेगी, त्रिलोक रौतेला, कुन्दन कठायत, भानु प्रताप, दिनेश नगरकोटी, अनिल गिरी थे। 

संबंधित समाचार